अग्निवीरों के लिए खुशखबरी! अब 6 साल तक सेवा का मौका, बेहतर प्रदर्शन पर मिलेगी पक्की नौकरी
अग्निवीरों की सेवा अवधि चार से बढ़ाकर छह साल करने का ऐलान किया गया है। CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि के मुताबिक, चार साल पूरे करने वाले 75% अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त मौका मिलेगा। बेहतर प्रदर्शन करने वालों को नियमित सेवा में शामिल होने का अवसर मिल सकता है।

Agniveer Service Extension Update: अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती होने वाले युवाओं के लिए सेवा अवधि बढ़ाने का ऐलान किया गया है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि के मुताबिक, अग्निवीरों को अब चार साल के बजाय छह साल तक सेवा करने का मौका मिल सकता है। चार साल पूरे होने के बाद चयनित अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इस दौरान उनका प्रदर्शन और सेवा रिकॉर्ड अहम रहेगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को आगे नियमित सेवा में शामिल होने का अवसर मिल सकता है।
अग्निवीरों को अब 4 की जगह 6 साल सेवा का मौका
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बताया कि चार साल का शुरुआती कार्यकाल पूरा करने वाले अग्निवीरों में से 75% को दो साल की अतिरिक्त सेवा अवधि देने की योजना है। यानी उन्हें कुल छह साल तक सेना में काम करने का मौका मिलेगा।
इस अतिरिक्त अवधि के दौरान अग्निवीरों को सैलरी और भत्ता भी दिया जाएगा है। हालांकि, सेवा विस्तार अग्निवीरों की सहमति और लागू होने वाली प्रक्रिया के अनुसार होगा। छह साल पूरे होने के बाद सेना में बने रहने के इच्छुक युवाओं को निर्धारित चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा।
बेहतर प्रदर्शन करने वालों को मिल सकता है नियमित नौकरी का मौका
साथ ही, CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा कि सेवा के दौरान अच्छा प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को नियमित सेवा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए उनका प्रदर्शन, सेवा रिकॉर्ड और सशस्त्र बलों की जरूरतों को ध्यान में रखा जाएगा।
मौजूदा अग्निपथ व्यवस्था में चार साल की सेवा पूरी करने के बाद प्रत्येक बैच के अधिकतम 25% अग्निवीरों को नियमित कैडर में शामिल करने का प्रावधान है। चयन प्रक्रिया में प्रदर्शन और सेना की जरूरतों को आधार बनाया जाता है।
देश की तीनों सेनाओं में करीब 3.18 लाख अग्निवीर
फिलहाल थल सेना, वायुसेना और नौसेना में करीब 3.18 लाख अग्निवीर सेवा दे रहे हैं। नई व्यवस्था लागू होने पर बड़ी संख्या में युवाओं को अतिरिक्त समय तक सैन्य सेवा का अनुभव मिल सकेगा।
दिसंबर तक पहले बैच के 18,300 अग्निवीरों का कार्यकाल पूरा होना था
आंकड़ों के अनुसार, 31 दिसंबर तक अग्निवीरों के पहले बैच के करीब 18,300 युवाओं का चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला था। यह संख्या शुरुआती बैच में भर्ती हुए लगभग 24,400 अग्निवीरों का करीब 75% बताई गई है।
नवंबर के मध्य से पहले बैच के अग्निवीरों को चरणबद्ध तरीके से सेवा से मुक्त किया जाना था। अब घोषित बदलाव के तहत पात्र अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त समय मिल जाएगा।
वायुसेना ने पहले बैच के 712 अग्निवीरों को नियमित सेवा में रखा
बता दें, इससे पहले भारतीय वायुसेना ने अपने पहले अग्निवीर वायु बैच के 2,850 रिक्रूट्स में से 712 को नियमित सेवा में बनाए रखने का फैसला किया था। यह चयन अग्निवीर योजना के तहत तय प्रक्रिया के अनुसार किया गया।

