हाइलाइट्स
- मोनालिसा की शादी पर संत समाज की प्रतिक्रिया
- परिवार की सहमति और सामाजिक मूल्यों पर उठे सवाल
- अंतरराष्ट्रीय मुद्दों और धर्मगुरु पर भी टिप्पणी
- हिमांगी सखी विवाद में कार्रवाई की मांग
MahaKumbh viral girl update : मध्यप्रदेश। महाकुंभ के दौरान चर्चा में आई ‘नीली आंखों वाली वायरल गर्ल’ मोनालिसा की शादी को लेकर अब संत समाज की प्रतिक्रिया सामने आई है।
अखिल भारतीय संत समिति मध्यप्रदेश के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष स्वामी अनिलानंद ने इस पूरे मामले पर अपनी बात रखते हुए इसे समाज के नजरिए से देखा।
उन्होंने कहा कि शादी-विवाह आपसी सहमति से होना चाहिए, लेकिन इस मामले में परिवार की सहमति सामने नहीं आई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह से यह पूरा मामला सामने आया है, उसने समाज में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
समाज और विवाह को लेकर दी राय
स्वामी अनिलानंद ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपने समाज के मूल्यों का ध्यान रखते हुए निर्णय लेना चाहिए। उनका कहना था कि समाज व्यक्ति को सम्मान देता है, ऐसे में ऐसे कदम नहीं उठाने चाहिए जिससे समाज की छवि प्रभावित हो।
अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी रखी बात
ईरान के धर्मगुरु अली खामेनई से जुड़े घटनाक्रम पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्मगुरु के साथ गलत घटना होना स्वीकार्य नहीं है और ऐसे मामलों में उनके अनुयायियों की प्रतिक्रिया स्वाभाविक होती है।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि किसी भी देश को दूसरे के मामलों में इस तरह हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।
केरल में धर्मांतरण पर टिप्पणी
केरल में धर्मांतरण के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है। उनके अनुसार, वर्तमान समय में सीधे टकराव की बजाय धर्मांतरण के माध्यम से प्रभाव बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।
हिमांगी सखी विवाद पर सख्त रुख
हिमांगी सखी को शंकराचार्य घोषित किए जाने के मामले पर भी उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया दी। स्वामी अनिलानंद ने इसे गलत बताते हुए कहा कि शंकराचार्य बनने के लिए निर्धारित प्रक्रिया होती है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर पुलिस में शिकायत और एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।