हाइलाइट्स
- भोजशाला विवाद में एएसआई रिपोर्ट कोर्ट रिकॉर्ड में शामिल
- मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने दो सप्ताह में आपत्तियां दाखिल करने के निर्देश दिए
- हिंदू पक्ष ने 1000 साल पहले सरस्वती मंदिर होने का दावा दोहराया
- अगली सुनवाई 16 मार्च को तय
Bhojshala Dispute Hearing : मध्य प्रदेश। धार स्थित भोजशाला को लेकर चल रहे बहुचर्चित मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ में अहम सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की सर्वे रिपोर्ट को औपचारिक रूप से कोर्ट के रिकॉर्ड में शामिल कर लिया गया। अदालत ने स्पष्ट किया कि आगे की सुनवाई इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ेगी।
रिपोर्ट पहले से थी पक्षकारों के पास
कोर्ट में बताया गया कि एएसआई की विस्तृत सर्वे रिपोर्ट 15 जुलाई 2024 को ही अदालत में पेश की जा चुकी थी और इसकी प्रतियां सभी पक्षकारों को उपलब्ध करा दी गई थीं। अब तक किसी भी पक्ष की ओर से इस रिपोर्ट पर औपचारिक आपत्ति दर्ज नहीं की गई थी।
आज की सुनवाई में अदालत ने इसे आधिकारिक रूप से रिकॉर्ड का हिस्सा मान लिया, जिससे मामले की सुनवाई अब नए चरण में प्रवेश कर गई है।
Bhopal Power Cut : भोपाल के 15 इलाकों में आज बिजली कटौती, 2 से 4 घंटे तक रहेगा असर
दो सप्ताह में दावे और आपत्तियां दाखिल करने के निर्देश
हाईकोर्ट ने सभी संबंधित पक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे दो सप्ताह के भीतर अपने-अपने दावे, आपत्तियां और सुझाव लिखित रूप में पेश करें। कोर्ट ने समयसीमा का पालन करने पर जोर दिया है, ताकि अगली सुनवाई में बिंदुवार बहस हो सके और मामले को आगे बढ़ाया जा सके।
हिंदू पक्ष का बड़ा दावा
सुनवाई के दौरान हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की ओर से कहा गया कि 2089 पन्नों की एएसआई सर्वे रिपोर्ट में ऐसे साक्ष्य दर्ज हैं, जो संकेत देते हैं कि करीब एक हजार साल पहले भोजशाला परिसर में मां सरस्वती का मंदिर था। इस दावे के सामने आने के बाद मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।
हालांकि, इस दावे पर अन्य पक्षों की प्रतिक्रिया और आपत्तियां अभी सामने आना बाकी हैं, जो लिखित जवाब के रूप में अदालत में पेश की जाएंगी।
अगली सुनवाई 16 मार्च को
अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 16 मार्च तय की है। तब तक सभी पक्षों से लिखित जवाब आने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि इसके बाद अदालत में विस्तृत बहस शुरू होगी।
Nagar Nigam Jabalpur : जबलपुर में मृत गायों के अंतिम संस्कार पर सवाल, नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन
भोजशाला विवाद लंबे समय से चर्चा में रहा है। एएसआई की रिपोर्ट को रिकॉर्ड में शामिल किए जाने के बाद अब इस मामले की सुनवाई निर्णायक दिशा में बढ़ती नजर आ रही है।