Narmadapuram News : नर्मदापुरम। दिल्ली में हालिया बम धमाकों के बाद पूरे देश में हाई अलर्ट जारी है। इसी कड़ी में नर्मदापुरम जिले के रेलवे स्टेशनों और संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है। बुधवार को मुंबई से वाराणसी जा रही 22177 महानगरी एक्सप्रेस में बम की अफवाह से हड़कंप मच गया।
ट्रेन के जनरल कोच के बाथरूम में लाल मार्कर से “पाक जिंदाबाद”, “बम धमाका” और “ISSI” जैसे भड़काऊ संदेश लिखे मिले। इससे यात्रियों में दहशत फैल गई और ट्रेन को पहले जलगांव फिर इटारसी जंक्शन पर रोका गया।
जांच के दौरान एसी कोच बी-1 में एक लाल रंग का लावारिस सूटकेस मिला। बम स्क्वॉड ने इसे सावधानी से चेक किया। पता चला कि यह किसी यात्री का छूटा हुआ बैग था। बैग में सिर्फ कपड़े और भगवत गीता की किताब रखी थी।
संबंधित यात्री से संपर्क कर लिया गया है और वह अपना सामान लेने इटारसी पहुंच रहे हैं। इससे साफ हो गया कि कोई खतरा नहीं था, सिर्फ अफवाह थी।
आरपीएफ, जीआरपी, सिटी पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने ट्रेन को घेरकर हर कोच की तलाशी ली। किसी संदिग्ध चीज का पता नहीं चला। जीआरपी चौकी प्रभारी संजय चौकसे ने बताया कि बाथरूम में लिखे संदेश किसी शरारती तत्व ने डर और अफरा-तफरी फैलाने के लिए लिखे लगते हैं।
यह राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए गंभीर मामला है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि लेखक का पता लग सके।
ट्रेन दोपहर 12:58 बजे पिपरिया स्टेशन से वाराणसी के लिए रवाना हुई, लेकिन जांच के कारण 8 मिनट लेट हो गई। यात्रियों ने राहत की सांस ली, लेकिन कई ने कहा कि ऐसी शरारतें आम लोगों को परेशान करती हैं।
MP News : IIT भिलाई में नर्मदापुरम के छात्र की रहस्यमय मौत, छात्रों ने देर रात तक किया हंगामा
रेलवे प्रशासन ने सभी स्टेशनों पर अलर्ट बढ़ा दिया है। दिल्ली घटना के बाद पूरे देश में रेलवे, बस स्टैंड और सार्वजनिक जगहों पर चेकिंग अभियान चल रहा है।
नर्मदापुरम जिले में इटारसी और पिपरिया जैसे बड़े स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने कहा कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत सूचना दें। पुलिस अब शरारती तत्वों की तलाश में जुटी है और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।