Betul Ganja Smuggling : बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में रविवार देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गंज थाना क्षेत्र की इंदिरा कॉलोनी में एक महिला को गांजा बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। महिला के घर से कुल 375 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस सोमवार को आरोपी महिला को न्यायालय में पेश करेगी।
यह पूरी कार्रवाई प्रशिक्षु डीएसपी सेफा हाशमी के निर्देशन में करीब एक घंटे तक चली। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त महिला अपने घर से ही अवैध रूप से गांजा बेच रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को घर में ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान घर से छह अलग-अलग छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक किया हुआ गांजा मिला। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी महिला से पूछताछ की और गांजे का वजन किया, जो ठीक 375 ग्राम निकला। सभी पुड़ियां जब्त कर ली गईं।
सबसे हैरानी की बात यह है कि यह वही महिला है जिसका गांजा बेचते हुए एक वीडियो जुलाई 2024 में सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। उस समय भी उसे पकड़ा गया था, लेकिन जमानत मिलने के बाद वह फिर से उसी अवैध धंधे में लग गई।
अब पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला अकेले काम कर रही थी या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क है।
साथ ही गांजा बैतूल तक कहां से और किस रास्ते आ रहा था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं।