MP Road Accident : सीहोर। इंदौर-भोपाल स्टेट हाईवे पर गुरुवार सुबह कोहरे के कारण एक भयानक सड़क हादसा हो गया। दरबार ढाबे के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। नेमा परिवार महू (इंदौर) से भोपाल की ओर जा रहा था। पुलिस के अनुसार उस समय घना कोहरा था और विजिबिलिटी बहुत कम थी। सड़क किनारे खड़ा ट्रक कार चालक को दिखाई नहीं दिया। तेज रफ्तार होने के कारण ब्रेक लगाने का मौका भी नहीं मिला और कार सीधे ट्रक में जा घुसी।
Vidisha News : मोहनगिरी में युवक की संदिग्ध मौत, घर में फंदे पर लटकी मिली लाश
मौके पर ही संध्या नेमा (56 वर्ष) और उनके बेटे मृदंग नेमा (28 वर्ष) की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सुनील नेमा (60), संजीव नेमा (45) और मीनल नेमा (40) को तुरंत नजदीकी अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाया गया और हाईवे को यातायात के लिए बहाल किया गया।
पुलिस ने बताया कि कोहरा और तेज रफ्तार मुख्य कारण लग रहे हैं। ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। रिश्तेदार और परिचित लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं।