Bhopal Coaching Scandal : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी में लॉ की तैयारी कराने वाली मशहूर कोचिंग टॉप रैंकर्स सुर्खियों में है। संस्थान के फाउंडर हर्ष गगरानी, सह-संस्थापक करण और कर्मचारी शाहनवाज खान पर एक पूर्व महिला कर्मचारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। 24 साल की युवती का दावा है कि तीनों उसके साथ छेड़छाड़ करते थे, बैड टच करते थे और गंदी-गंदी बातें कहते थे। परेशान होकर उसने 3 सितंबर 2025 को नौकरी छोड़ दी।
युवती ने बताया कि नौकरी छोड़ने के बाद भी दबाव बनाया जाता रहा। उसे डर था कि बदनामी होगी, इसलिए चुप रही। लेकिन कोचिंग वालों को शक हुआ कि वह पुलिस जाएगी। इसलिए पहले ही उन्होंने उसके खिलाफ डेटा चोरी की शिकायत दर्ज करा दी। जब पुलिस ने डेटा चोरी के केस में युवती को बयान देने बुलाया, तभी उसने पहली बार छेड़छाड़ की पूरी कहानी पुलिस को बताई। यह शिकायत 9 अक्टूबर 2025 को एमपी नगर थाने में दर्ज हुई।
एक महीना बीत गया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। युवती का कहना है कि उसे चार बार थाने बुलाया गया। घंटों बैठाया गया। तरह-तरह के सवाल पूछे गए। यहां तक कि दीपावली जेल में काटने की धमकी भी मिली। उसने धमकी के ऑडियो-वीडियो सबूत पुलिस को दिए, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। थाने जाने पर कहा जाता है कि एसीपी जांच कर रहे हैं। जब एसीपी मनीष भारद्वाज से मिलने गई तो उन्हें डांटकर भगा दिया गया।
नाराज युवती ने डीसीपी ऑफिस, सीएम हेल्पलाइन तक शिकायत की है। वह बोली, “अगर मैं चोर हूं तो मुझे सजा दो, लेकिन मेरे साथ हुए छेड़छाड़ पर भी कार्रवाई करो। मैं डीजीपी से सीएम तक गुहार लगाऊंगी। जरूरत पड़ी तो कोर्ट जाऊंगी।”
दूसरी तरफ हर्ष गगरानी ने सभी आरोप खारिज कर दिए। उनका कहना है कि युवती प्रतिद्वंद्वी कोचिंग में नौकरी कर रही है। उसने प्लानिंग से कीमती डेटा चुराया और दूसरी कोचिंग को दे दिया। रिजाइन के साथ ही लैपटॉप फॉर्मेट कर डेटा डिलीट कर दिया। हमने पहले ही डेटा चोरी की शिकायत की थी। छेड़छाड़ के आरोप बचने के लिए लगाए जा रहे हैं। हमारे यहां 150 से ज्यादा महिला कर्मचारी हैं, कभी कोई शिकायत नहीं आई। हमने सारे सबूत पुलिस को दे दिए हैं।
जांच अधिकारी एसीपी मनीष भारद्वाज ने कहा, “दोनों पक्षों के बयान हो चुके हैं। हर पहलू की जांच चल रही है। तथ्यों के आधार पर ही आगे कार्रवाई होगी।” मामला गरमाता जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर पुलिस इतना समय क्यों लगा रही है?