MP News : भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में दीवाली के मौके पर पुलिस ने एक बड़ा खुलासा किया। अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी गई। थाना मौ और मेहगांव क्षेत्र के बीच रूपावई के पुरा गांव में यह कार्रवाई हुई। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही 12 देसी कट्टे, 3 जिंदा कारतूस और हथियार बनाने का सामान बरामद किया।
यह छापा मंगलवार 21 अक्टूबर को पड़ा। बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया को मुखबिर से सूचना मिली। अमलेंडी तिराहे पर एक व्यक्ति बाइक से हथियार बेचने जा रहा था। पुलिस ने घेराबंदी की। तलाशी में उसके पास 1 देसी कट्टा (32 बोर), 3 कट्टे (315 बोर) और 3 जिंदा कारतूस मिले।
MP News : भोपाल में 29 अक्टूबर को मोमबत्ती जुलूस, गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी राशि बढ़ाने की मांग
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया। वह चार साथियों के साथ खेत में बनी तिवरिया पर फैक्ट्री चला रहा था। जगह के मालिक को 20 हजार रुपये महीने का किराया दिया। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से दो कारीगरों को 50 हजार रुपये प्रति महीने पर बुलाया। अब तक फैक्ट्री में 22 कट्टे बन चुके थे। कुछ 32 बोर के, कुछ 315 बोर के।
पुलिस ने फैक्ट्री से 12 कट्टे, 3 कारतूस, एक होंडा साइन मोटरसाइकिल (एमपी06 एमजी 1761) और कई उपकरण जब्त किए। इनमें ड्रिल मशीन, ब्लोवर, ग्राइंडर पत्ते, छड़ें, हथौड़े, फनर पत्तियां और लोहे की जाली शामिल हैं। शुक्रवार को एसपी डॉ. असित यादव और एएसपी संजीव पाठक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि आरोपी 9 हजार रुपये प्रति कट्टे की दर से बेचते थे। पकड़े गए 5 में से 3 खरीदार हैं। फैक्ट्री का मास्टरमाइंड और दोनों कारीगर फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया।
एएसपी पाठक ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों पर नजर रखी जा रही है। पहले भी डीडी बीहड़ क्षेत्र में ऐसी फैक्ट्री पकड़ी गई थी। पुलिस जांच जारी रखे हुए है। मुख्य आरोपी को जल्द पकड़ने का दावा किया गया। इससे इलाके में अपराध पर लगाम लगेगी।