Junior Student Beaten at Eklavya Vidyalaya Narmadapuram News : मध्य प्रदेश। नर्मदापुरम जिले के केसला ब्लॉक में स्थित शासकीय आदर्श एकलव्य आवासीय विद्यालय, भड़गदा में गुरुवार देर रात जूनियर स्टूडेंट को सीनियर छात्रों ने मिलकर पीटा है। जानकारी के मुताबिक, 11वीं और 12वीं कक्षा के चार सीनियर छात्रों ने 9वीं कक्षा के एक जूनियर छात्र को बेरहमी से पीटा। बेल्ट और डंडों की मार से उसकी पीठ पर गहरे निशान पड़ गए। यह घटना न सिर्फ स्कूल की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि अभिभावकों के दिलों में डर पैदा कर रही है।
ये है पूरा मामला
पीड़ित छात्र ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि रात करीब 12 बजे उसे छात्रावास के रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बहाने बुलाया गया। वहां पहुंचते ही एक सीनियर ने उस पर 200 रुपए चोरी का इल्जाम जड़ दिया। फिर क्या था – चारों सीनियर्स ने मिलकर बेल्ट और डंडों से जमकर पीटा।
पीड़ित छात्र ने कहा, “मैं दर्द से चिल्लाने लगा, तभी चौकीदार सुरेश धुर्वे आ गए और मुझे बचाया। उन्होंने तुरंत वार्डन अरविंद सर को सूचना दी। वार्डन ने रात में ही मुझसे बात की और शरीर पर चोटों के निशान देखे।” यह सुनकर लगता है जैसे छात्रावास में सुरक्षा के नाम पर सिर्फ नाम की व्यवस्था है।
शुक्रवार को जब परिजनों को खबर लगी, तो वे फौरन छात्रावास पहुंचे। उन्होंने बच्चे को साथ लेकर केसला थाने का रुख किया और FIR दर्ज कराने पर अड़े रहे। दिलचस्प बात यह कि स्कूल प्रिंसिपल और अन्य स्टाफ भी थाने पहुंच गए, और परिजनों को समझाने की कोशिश करने लगे। लेकिन अभिभावकों ने हार नहीं मानी।
केसला थाना प्रभारी उमाशंकर यादव ने बताया, “पीड़ित 9वीं कक्षा का छात्र है। उसके साथ 11वीं-12वीं के चार सीनियर्स ने मारपीट की। हमने उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।” पुलिस अब जांच में जुटी है।
मामले पर स्कूल की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। प्राचार्य मीनू नागर ने अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया, जबकि वार्डन अरविंद सिंह ने चुप्पी साध ली। यह रवैया अभिभावकों की नाराजगी और बढ़ा रहा है।