MP Crop Insurance: MP के 10.54 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 1460 करोड़ रुपए, CM मोहन यादव ने ट्रांसफर की फसल बीमा राशि
MP Crop Insurance: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 की फसल बीमा दावा राशि के रूप में मध्य प्रदेश के 10 लाख 54 हजार किसानों के खातों में ₹1460 करोड़ 25 लाख रुपए ट्रांसफर किए।
MP Crop Insurance: भोपाल। मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के 10 लाख 54 हजार किसानों के खातों में 1460 करोड़ 25 लाख रुपए की फसल बीमा राशि ट्रांसफर की है। यह राशि खरीफ 2025 की फसल के बीमा क्लेम के तौर पर दी गई है। साथ ही मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर में कैबिनेट बैठक के बाद सिंगल क्लिक से किसानों के खातों में यह राशि भेजी है।
फसल खराब होने पर किसानों को मिलती है मदद
इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मौसम और प्राकृतिक आपदा के कारण जब किसानों की फसल खराब होती है, तो प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना उनके लिए बड़ी मदद बनती है। इस योजना के तहत किसानों को फसल के नुकसान की भरपाई के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उनके हित में लगातार काम कर रही है।
समय पर फसल का बीमा कराने की अपील
मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि वे अपनी फसल का बीमा तय तारीख से पहले जरूर करा लें। इस बार मौसम को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे में किसानों के लिए फसल का बीमा कराना जरूरी है। अगर प्राकृतिक आपदा या किसी दूसरी वजह से फसल को नुकसान होता है, तो बीमा होने पर किसान को आर्थिक मदद मिल सकती है।
2016 से अब तक 30 हजार करोड़ से ज्यादा का भुगतान
आपको बता दें कि किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत वर्ष 2016-17 से 2024-25 तक प्रभावित किसानों को 30 हजार 942 करोड़ 34 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है।
सरकार का कहना है कि फसल बीमा योजना का मकसद किसानों को फसल खराब होने की स्थिति में आर्थिक सहारा देना है, ताकि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के बाद उन्हें अकेले आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।