CM MOHAN YADAV: सीएम मोहन यादव ने पुलिस अधिकारियों से कहा- अपराध पर सख्ती से रोक लगाएं, लोगों का भरोसा बनाए रखें
CM MOHAN YADAV: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों का पुलिस पर भरोसा कायम रखना सबसे जरूरी है।
CM MOHAN YADAV: भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाए और अपराधों पर सख्ती से लगाम लगाई जाए। उन्होंने कहा कि लोगों का पुलिस पर भरोसा है, इसे हर हाल में बनाए रखना जरूरी है। पुलिस का काम सिर्फ अपराध रोकना ही नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित महसूस कराना भी है।
इसके अलावा उन्होंने पुलिस विभाग में हाल ही में करीब 25 हजार पदोन्नतियां होने पर अधिकारियों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि प्रमोशन मिलने के बाद पुलिसकर्मी और ज्यादा जिम्मेदारी के साथ काम करें और जनता को बेहतर सेवाएं दें।
त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखें
मुख्यमंत्री ने आने वाले त्योहारों और स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजधानी से लेकर गांवों तक पुलिस की मौजूदगी दिखनी चाहिए, ताकि लोग बिना किसी डर के त्योहार मना सकें।
नशे के खिलाफ अभियान जारी रखें
और सीएम ने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहा अभियान लगातार जारी रहना चाहिए। 'नशे से दूरी है जरूरी' संदेश को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है।
उन्होंने पुलिस को स्कूल-कॉलेज और दूसरे शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग के साथ मिलकर काम करने को कहा। साथ ही दूसरे राज्यों से लगे इलाकों में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास पर भी ध्यान दें
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के नक्सल प्रभावित इलाकों में अब हालात बेहतर हुए हैं। ऐसे क्षेत्रों में विकास को तेजी देने में पुलिस भी अपनी भूमिका निभाए। पुलिस सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों के बीच जाकर सकारात्मक माहौल बनाने में भी मदद करे।
इसके साथ ही प्रदेश में नए उद्योग और संस्थान तेजी से आ रहे हैं। ऐसे में वहां सुरक्षा की जरूरत भी बढ़ जाएगी। जिसपर उन्होंने कहा कि उद्योगों और दूसरे संस्थानों को जरूरत के मुताबिक लाइसेंसधारी सुरक्षा स्टाफ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
खाली पदों को जल्द भरने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग में जो पद खाली हैं, उन्हें जल्द भरा जाए। उन्होंने पदोन्नति और भर्ती की प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए एक तय कैलेंडर बनाने को कहा। उन्होंने बैगा, सहरिया और भारिया जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों के युवाओं को भी पुलिस और दूसरी सरकारी नौकरियों में अवसर देने पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि आने वाले गणतंत्र दिवस तक प्रदेश के हर जिले में अपना पुलिस बैंड तैयार होना चाहिए। बैठक में पुलिस के लिए नए वाहन, पुलिस आवास, भर्ती प्रक्रिया और अपराध स्थल पर वैज्ञानिक जांच की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई।