Tribal Girls Hostel: JEE की तैयारी कर रही छात्रा ने हॉस्टल में लगाई फांसी, कमरे से मिला सुसाइड नोट
Tribal Girls Hostel:भोपाल के कटारा हिल्स स्थित आदिवासी कन्या छात्रावास में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा के कमरे से सुसाइड नोट मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Tribal Girls Hostel: भोपाल। राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स स्थित आदिवासी कन्या छात्रावास में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बतया जा रहा है कि छात्रा रविवार को अपना 17वां जन्मदिन मना रही थी, लेकिन शाम को जब सहेलियां केक लेकर उसे सरप्राइज देने पहुंचीं तो कमरे का दरवाजा नहीं खुला। दरवाजा खुलने पर छात्रा फंदे से लटकी मिली। और अब इस घटना के बाद छात्रावास में शोक का माहौल बना हुआ है।
जन्मदिन मनाने पहुंचीं सहेलियां, सामने आया दर्दनाक मंजर
जानकारी के तहत, मृतक छात्रा की पहचान अलीराजपुर निवासी दर्शन मिनामा के रूप में हुई है। वह भोपाल के अनंत हायर सेकेंडरी स्कूल में 12वीं की छात्रा थी और साथ ही जेईई (JEE) की तैयारी भी कर रही थी। रविवार शाम करीब 5:30 बजे वह कोचिंग से लौटकर अपने कमरे में गई थी।
इसके बाद करीब छह बजे उसकी सहेलियां जन्मदिन मनाने के लिए केक लेकर कमरे में पहुंचीं, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। जब सेंट्रल लॉक खोला गया तो छात्रा कमरे में फंदे से लटकी मिली। इसके बाद वार्डन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
कमरे से मिला सुसाइड नोट
मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नोट में छात्रा ने इस कदम के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है और अपने माता-पिता से माफी मांगी है। फिलहाल पुलिस नोट की जांच कर रही है।
रूममेट गांव गई थी, छात्रा अकेली थी
पुलिस के मुताबिक, दर्शन सितंबर 2025 से छात्रावास में रह रही थी। उसकी रूममेट पिछले करीब 20 दिनों से छुट्टी पर अपने गांव गई हुई थी, इसलिए घटना के समय वह कमरे में अकेली थी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने छात्रा के तनाव या अवसाद में होने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
इसी छात्रावास में पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
यह पहली बार नहीं है जब इस छात्रावास में ऐसा मामला सामने आया हो। करीब 10 महीने पहले भी यहां 12वीं की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली थी। लगातार दूसरी घटना के बाद छात्रावास की व्यवस्थाओं और छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।