Bhopal Electric Bus: भोपाल में ई-बसों का ट्रायल शुरू, बैरागढ़ से 3 रूट पर दौड़ीं बसें; अगस्त से यात्रियों को मिलेगी सुविधा
Bhopal Electric Bus: भोपाल में इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल रन शुरू हो गया है। बैरागढ़ डिपो से 3 रूट पर अगले 5 दिनों तक ई-बसों का संचालन कर रूट, चार्जिंग और तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। ट्रायल सफल होने के बाद अगस्त से यात्रियों के लिए सेवा शुरू होने की उम्मीद है।
Bhopal Electric Bus: भोपाल। भोपाल में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी तेज हो गई है। सोमवार सुबह से बैरागढ़ स्थित डिपो से ई-बसों का ट्रायल रन शुरू कर दिया गया है। अगले 5 दिनों तक बसों को अलग-अलग रूट पर चलाकर उनकी संचालन क्षमता और तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। ट्रायल सफल होने के बाद अगस्त से आम यात्रियों के लिए ई-बस सेवा शुरू होने की उम्मीद है।
साथ ही ट्रायल रन के दौरान बसों के संचालन, रूट की व्यवहारिकता, चार्जिंग व्यवस्था और तकनीकी खामियों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह ड्राय रन है, इसलिए आम यात्रियों को बसों में सफर की अनुमति नहीं है। हालांकि, पार्षदों को बसों में बैठाकर ट्रायल का हिस्सा बनाया जाएगा।
तीन रूट पर होगा ट्रायल
ई-बसों को बैरागढ़ डिपो से पुराने भोपाल होते हुए बोर्ड ऑफिस तक चलाया जा रहा है। इसके बाद बसें भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 और कोलार के बैरागढ़ चीचली रूट तक जाएंगी। इन मार्गों पर बसों के संचालन के दौरान आने वाली दिक्कतों और ट्रैफिक दबाव का भी आकलन किया जा रहा है।
ट्रायल के दौरान ई-बसों का संचालन दो शिफ्ट में किया जा रहा है। पहली शिफ्ट सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगी।
अभी 21 ई-बसें पहुंचीं, 20 और आने की उम्मीद
अधिकारियों के मुताबिक भोपाल में अब तक 21 इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं। अगले 10 से 12 दिनों में 20 और बसें आने की उम्मीद है। इसके बाद शहर में ई-बसों का बेड़ा और बड़ा हो जाएगा।
ई-बसों के संचालन के लिए बैरागढ़ डिपो में चार्जिंग व्यवस्था भी तैयार की गई है। यहां 11 चार्जिंग पॉइंट लगाए जा चुके हैं। ट्रायल सफल होने के बाद यात्रियों के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।