Raisen Accident: रायसेन। रायसेन जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। बेगमगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बस ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पिता और उनके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और दूसरा बेटा घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, पूरन आदिवासी अपनी पत्नी संध्या और दो बेटों के साथ बाइक से ससुराल आलमपुर से अपने गांव कालापाठा लौट रहे थे। रास्ते में शक्ति ट्रेवल्स की तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि पूरन आदिवासी और उनके 5 वर्षीय बेटे डब्बू आदिवासी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय बाइक पर चार लोग सवार थे। टक्कर के बाद करीब तीन साल का छोटा बेटा सड़क किनारे जा गिरा और घायल हो गया। पत्नी संध्या को भी चोटें आई हैं। दोनों का इलाज कराया जा रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
CM Mohan Yadav: सीएम मोहन यादव की पहल, विदिशा के मछुआरों को मिलेगा 40% तक अनुदान
हादसे के बाद चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बेगमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
चार दिन में दूसरा बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि पिछले चार दिनों में शक्ति ट्रेवल्स की बस से जुड़ा यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले भी इसी ट्रेवल्स की बस की टक्कर से भोपाल रोड पर एक युवक की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद बसों की रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।