हाइलाइट्स
- भोपाल के क्लब में टेबल पर पायरो जलाने का वीडियो वायरल।
- नर्मदापुरम रोड कैफे में पार्टी के दौरान खतरनाक चिंगारियां।
- गोवा अग्निकांड जैसी घटनाओं से नहीं ली सबक।
Bhopal Club Video Viral : भोपाल। देशभर में बंद जगहों पर पटाखों से हुए भीषण अग्निकांडों से सबक लेने के बजाय राजधानी भोपाल के कुछ क्लब और कैफे संचालक अब भी खतरनाक लापरवाही बरत रहे हैं। नर्मदापुरम रोड स्थित एक कैफे में पार्टी के दौरान टेबल पर तेज चिंगारियां छोड़ने वाले पायरो (पटाखे) जलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि भीड़भाड़ वाले क्लब के अंदर लोग बेहद करीब खड़े हैं और आग की लपटें छत व आसपास के सामान तक पहुंच रही हैं। गनीमत रही कि बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन यह लापरवाही किसी बड़े अग्निकांड को न्योता दे रही है। बिट्टन मार्केट, गुलमोहर और होशंगाबाद रोड के कई क्लबों में जन्मदिन व एनिवर्सरी पार्टियों में ऐसे पायरो का इस्तेमाल आम हो गया है।
MP Minister Report Card : स्कूल शिक्षा विभाग के दो साल का रिजल्ट जारी, यहां देखिए प्रोग्रेस रिपोर्ट
वायरल वीडियो ने उजागर की लापरवाही
वायरल वीडियो में क्लब के अंदर पार्टी का माहौल दिखाया गया है, जहां टेबल पर पायरो जलाए जा रहे हैं। चिंगारियां चारों तरफ फैल रही हैं और लोग नजदीक खड़े होकर तालियां बजा रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बंद जगहों में ऐसे हाई-इंटेंसिटी पटाखों का इस्तेमाल बेहद जोखिम भरा है।
क्लबों में सीमित फायर एग्जिट, खराब वेंटिलेशन और ज्यादा भीड़ होने से आग लगने पर भगदड़ मच सकती है। दम घुटने या झुलसने से कई जानें जा सकती हैं। दो दिन पहले होशंगाबाद रोड के एक कैफे में भी पायरो से हादसा होते-होते बचा।
Delhi News : भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का नया ठिकाना होगा मध्य प्रदेश भवन
गोवा अग्निकांड जैसी घटनाओं से नहीं ली सीख
हाल ही में गोवा के एक नाइट क्लब में पायरो से लगी आग में कई लोगों की मौत हो गई थी। दुनिया भर में ऐसे हादसे हो चुके हैं, जहां इंडोर पायरोटेक्निक्स से बड़ा अग्निकांड हुआ। फिर भी भोपाल के क्लब संचालक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
कई क्लब बिना फायर एनओसी के देर रात पार्टियां आयोजित कर रहे हैं। स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन को जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही।
शॉर्ट सर्किट का बढ़ता खतरा
इलेक्ट्रिक पायरो अब नाइटलाइफ का स्टेटस सिंबल बन गए हैं। ये डिवाइस क्लब की पावर लाइन से जुड़े होते हैं। वोल्टेज में छोटा उतार-चढ़ाव पूरे वायरिंग सिस्टम को आग लगा सकता है। विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल बिना सुरक्षा मानकों के घातक साबित हो सकता है।
पुलिस कमिश्नर का सख्त रुख
पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि वीडियो की जांच कराई जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर क्लब प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। फायर सेफ्टी नियमों का पालन न करने वालों को सील किया जाएगा। प्रशासन अब क्लबों पर नजर रखेगा ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।