MP News : रतलाम। मध्यप्रदेश कांग्रेस में इस्तीफों का दौर जारी है। रतलाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को अपना इस्तीफा भेज दिया है। उन्होंने सैलाना विधानसभा क्षेत्र और पारिवारिक दायित्वों का हवाला देते हुए कहा कि वे जिला अध्यक्ष का दायित्व ठीक से नहीं निभा पा रहे हैं। यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब रात में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की घोषणा की गई, जिसमें उनके विरोधी सुरेश डिंडोर को सैलाना ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया।
Betul News : वन विकास निगम के बैतूल संभागीय प्रबंधक के विरुद्ध पूरा कार्यालय लामबंद
हर्षविजय गेहलोत हाल ही में सैलाना विधानसभा चुनाव हारे हैं। सूत्रों के अनुसार, संगठन में अपने पसंदीदा नेताओं को पद न मिलने से वे नाराज थे। ब्लॉक अध्यक्षों की सूची में विरोधी गुट को तरजीह मिलने से असंतोष बढ़ गया। गेहलोत ने इस्तीफे में स्पष्ट कहा कि व्यक्तिगत कारणों से वे पद पर नहीं रह सकते।
यह 15 दिनों में दूसरा बड़ा इस्तीफा है। कुछ दिन पहले अलीराजपुर जिला अध्यक्ष महेश पटेल ने भी पद छोड़ दिया था। इससे कांग्रेस में आंतरिक कलह की चर्चा तेज हो गई है। पार्टी के कई नेता संगठन में गुटबाजी और पद वितरण पर असंतोष जता रहे हैं।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पद वितरण में असंतुलन और गुटबाजी मुख्य कारण हैं। सुरेश डिंडोर को ब्लॉक अध्यक्ष बनाना हर्षविजय गेहलोत का आखिरी ट्रिगर बना।
बता दें कि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 2 साल का कार्यकाल पूरा करते हुए मंगलवार को ही 780 ब्लॉक और उप ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की है। नियुक्ति के दूसरे ही दिन रतलाम जिला अध्यक्ष का इस्तीफा आ गया।
