MP News : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात दो अलग-अलग समुदायों के युवकों के बीच मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बात मारपीट और हथियार चलने तक पहुंच गई। आरोप है कि एक पक्ष के कुछ युवक एक घर में घुस आए और तलवार, छुरी जैसे तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फौरन स्थिति को काबू में कर लिया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि माहौल फिर न बिगड़े।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
घटना की खबर फैलते ही हिंदू समाज से जुड़े कई संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हमीदिया अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आरोपियों पर तुरंत कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
अगर पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी नहीं की तो हिंदू समाज को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।