Sehore News : सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में 15 नवंबर को आदिवासी नायक भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में धूमधाम से मनाया जाएगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए भैरूंदा जनपद के लाड़कुई गांव में भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देश पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्य कार्यक्रम लाड़कुई स्थित कन्या शिक्षा परिसर में दोपहर 1 बजे शुरू होगा। इसमें मध्यप्रदेश जनजातीय वित्त एवं विकास निगम की अध्यक्ष निर्मला सुनील बारेला मुख्य अतिथि होंगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश और विशेष कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा। जनजातीय समाज के लोग बड़ी संख्या में इसमें शामिल होंगे।
जनजातीय गौरव दिवस को यादगार बनाने के लिए सुबह से ही रंगारंग रथ यात्रा और पैदल यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा 15 नवंबर को सुबह ठीक 10 बजे इछावर जनपद के ग्राम नादान से शुरू होगी।
Harda Woman Snakebite : मक्का तोड़ते समय सांप ने काटा, महिला की मौत, चार बेटियां-एक बेटा हुए अनाथ
ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच सैकड़ों आदिवासी भाई-बहन रथ के साथ पैदल चलेंगे। यात्रा रास्ते में कई गांवों से होती हुई दोपहर तक भैरूंदा जनपद के लाड़कुई कन्या शिक्षा परिसर पहुंचेगी। वहां रथ यात्रा का भव्य स्वागत होगा और मुख्य मंच पर कार्यक्रम शुरू होगा।
कलेक्टर बालागुरू के. ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को जल-जंगल-जमीन के लिए अंग्रेजों से लोहा लिया था। उनकी 150वीं जयंती पर यह आयोजन आदिवासी गौरव को नई ऊंचाई देगा। कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। पारंपरिक नृत्य, गीत और प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट कर दिया है। स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर स्कूलों में भी विशेष कार्यक्रम होंगे और बच्चों को बिरसा मुंडा के जीवन पर निबंध-चित्रकला प्रतियोगिता कराई जाएगी।