हाइलाइट्स
-
एमपी में 3 दिन से कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित
-
रीवा में 900 का सिलेंडर 1700–2000 रुपए में बेचने के आरोप
-
होटल, मैरिज गार्डन और कारोबारियों को सिलेंडर नहीं मिल रहे
-
छिंदवाड़ा में शादियों में डीजल भट्टी पर बन रहा खाना
Gas Cylinder Black Marketing : भोपाल। मध्य प्रदेश में पिछले तीन दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने से कई शहरों में परेशानी बढ़ गई है। घरेलू गैस सिलेंडर की भी वेटिंग 5 से 7 दिन तक पहुंच गई है।
ऑयल कंपनियों के मुताबिक फिलहाल केवल करीब 15 प्रतिशत गैस की ही सप्लाई हो पा रही है, जिसे मुख्य रूप से इमरजेंसी सेवाओं और घरेलू उपयोग के लिए दिया जा रहा है।
रीवा में कालाबाजारी के आरोप
रीवा में उपभोक्ताओं ने सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोप लगाए हैं। गैस एजेंसी के बाहर सुबह से कतार में लगे उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
Sehore News : सीहोर के गुड़भेला में खेत में लगी आग, डेढ़ एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख
उपभोक्ता उमेश शुक्ला के मुताबिक 900 रुपए का सिलेंडर दलाल 1700 से 2000 रुपए तक में बेच रहे हैं, जिससे लोगों को मजबूरी में महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।
इमरजेंसी सेवाओं को ही मिलेंगे कमर्शियल सिलेंडर
सप्लाई कम होने के कारण फिलहाल कमर्शियल सिलेंडर अस्पताल, सेना-पुलिस कैंटीन, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और बस स्टैंड स्थित भोजनालयों को ही दिए जाएंगे। वहीं होटल, रेस्टोरेंट, मैरिज गार्डन और अन्य व्यवसायिक संस्थानों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
होटल और शादियों पर असर
भोपाल होटल एसोसिएशन के अनुसार राजधानी में ही करीब 1500 से अधिक होटल और रेस्टोरेंट हैं, जहां रोजाना 2 से ढाई हजार सिलेंडर की खपत होती है।
कई जगह स्टॉक केवल 48 घंटे तक ही चल पाएगा, इसके बाद होटल-रेस्टोरेंट बंद होने की स्थिति बन सकती है।
छिंदवाड़ा में कुछ कैटरर्स ने बताया कि शादियों में गैस भट्टी की जगह अब डीजल भट्टी पर खाना बनाया जा रहा है।
घरेलू सिलेंडर पर भी लंबी वेटिंग
हालांकि अधिकारियों का दावा है कि घरेलू सिलेंडर की सप्लाई सामान्य है, लेकिन भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई शहरों में लोगों को लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है। एजेंसियों के बाहर भीड़ देखी जा रही है।
मार्च में 20 हजार से ज्यादा शादियां
प्रदेश में मार्च के महीने में 20 हजार से ज्यादा शादियां होना हैं। ऐसे में कमर्शियल सिलेंडर की कमी से कैटरिंग और होटल व्यवसाय पर असर पड़ रहा है।