हाइलाइट्स
-
बैतूल के ग्राम घाना में 21 वर्षीय युवक ने कुएं में कूदकर आत्महत्या की
-
बचाने के लिए चचेरा भाई रस्सी बांधकर कुएं में उतरा
-
ग्रामीणों और पुलिस की मदद से कुएं से शव निकाला गया
-
परिजनों के अनुसार युवक बचपन से मानसिक रूप से कमजोर था
Betul Suicide Case : बैतूल। जिले के पाढर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम घाना में गुरुवार सुबह एक 21 वर्षीय युवक ने खेत में बने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
खेत में बने कुएं में लगाई छलांग
जानकारी के अनुसार ग्राम घाना निवासी 21 वर्षीय सुरेश पिता दिनेश कुमरे गुरुवार सुबह करीब 9 बजे अपने खेत की ओर गया था। इसी दौरान उसने खेत में बने कुएं में छलांग लगा दी। उस समय उसका चचेरा भाई अनिल भी खेत में काम कर रहा था।
बचाने के लिए कुएं में उतरा चचेरा भाई
कुएं से आवाज आने पर अनिल मौके पर पहुंचा और देखा कि सुरेश पानी में गिर चुका है। उसे बचाने के लिए अनिल ने अपनी कमर में रस्सी बांधी और खुद भी कुएं में उतर गया। हालांकि दोनों भाइयों को तैरना नहीं आता था। काफी प्रयास के बाद अनिल किसी तरह बाहर निकल आया और तुरंत परिजनों को घटना की जानकारी दी।
ग्रामीणों की मदद से निकाला गया शव
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सुरेश को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पानी में डूबने से उसकी मौत हो चुकी थी।
बचपन से मानसिक रूप से कमजोर था युवक
परिजनों के मुताबिक सुरेश दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मां का निधन बचपन में ही हो गया था, जबकि करीब दस साल पहले उसके पिता भी घर छोड़कर चले गए थे।
उसका छोटा भाई बेंगलुरु में मजदूरी करता है। सुरेश भी मजदूरी कर अपना गुजारा करता था और परिजनों के अनुसार वह बचपन से ही मानसिक रूप से कमजोर था।