हाइलाइट्स
-
रायसेन में बेतवा नदी का जलस्तर तेजी से घटा।
-
सांची रोड पुल के पास नदी की तलहटी के पत्थर दिखने लगे।
-
125 से ज्यादा गांवों के लिए नदी है पेयजल और सिंचाई का मुख्य स्रोत।
-
जिले में तापमान 34 डिग्री पहुंचा, गर्मी का असर बढ़ा।
Raisen News : रायसेन। जिले में गर्मी की शुरुआत होते ही बेतवा नदी का जलस्तर तेजी से कम होने लगा है। मार्च के पहले सप्ताह में ही कई जगह नदी की धार टूट गई है और कुछ स्थानों पर तलहटी के पत्थर साफ दिखाई देने लगे हैं।
सांची रोड स्थित पुल के पास नदी लगभग सूखी नजर आ रही है, जहां नदी का हिस्सा अब सड़क जैसा दिखाई दे रहा है।
सिंचाई के लिए पानी निकालने से घटा जलस्तर
स्थानीय लोगों के अनुसार किसान अपनी गेहूं की फसल की सिंचाई के लिए बड़ी मात्रा में नदी से पानी निकाल रहे हैं। यही कारण है कि नदी का जलस्तर लगातार कम होता जा रहा है।
बेतवा नदी जिले के करीब 80 किलोमीटर क्षेत्र में फैली हुई है और 125 से अधिक गांवों के लिए पेयजल और सिंचाई का प्रमुख स्रोत है।
Bada Talab Bhopal : भोपाल के बड़ा तालाब का सीमांकन फिर शुरू, 100 से ज्यादा अतिक्रमण चिन्हित
गर्मी बढ़ने से जल संकट की चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि यदि मार्च में ही नदी की यह स्थिति है, तो अप्रैल और मई में पानी की समस्या और बढ़ सकती है। नदी की धार टूटने से गांवों में पेयजल संकट की आशंका भी बढ़ गई है।
इस बीच जिले में गर्मी का असर भी बढ़ने लगा है। रायसेन में दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। दिन में तेज धूप के कारण लोगों ने कूलर और पंखों का उपयोग शुरू कर दिया है।