हाइलाइट्स
-
हरदा में छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती पर निकाली गई शौर्य यात्रा
-
‘जय भवानी-जय शिवाजी’ के नारों से गूंजा शहर
-
क्षत्रिय मराठा समाज ने 19 फरवरी को शासकीय अवकाश की मांग की
-
शिवाजी चौक पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा लगाने की भी मांग
Harda News : मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के हरदा शहर में शुक्रवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। इस मौके पर क्षत्रिय मराठा समाज ने शौर्य यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान पूरा शहर “जय भवानी-जय शिवाजी” के नारों से गूंज उठा।
मल्हार मार्तण्ड मंदिर से शुरू हुई यात्रा
शौर्य यात्रा की शुरुआत श्री मल्हार मार्तण्ड मंदिर से हुई। यात्रा में समाज के एक युवक को शिवाजी महाराज की वेशभूषा पहनाकर घोड़े पर बैठाया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा।
यह यात्रा गणेश मंदिर चौक, चांडक चौराहा और घंटाघर चौक से होती हुई बड़ा मंदिर पहुंची और फिर वापस मल्हार मंदिर पर समाप्त हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए।
शिवाजी जयंती पर सरकारी अवकाश की मांग
कार्यक्रम के दौरान समाज के नेताओं ने सरकार से मांग की कि हर साल 19 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित किया जाए।
समाज के प्रतिनिधि ज्ञानेश काले मराठा, अनिल मराठा और लोकेश राव मराठा ने कहा कि शिवाजी महाराज देश के महान वीर और प्रेरणा स्रोत हैं, इसलिए उनकी जयंती पर सरकारी अवकाश होना चाहिए।
शिवाजी चौक पर प्रतिमा लगाने की मांग
इसके साथ ही समाज के लोगों ने नगर पालिका और प्रशासन से शिवाजी चौक पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी की।
उनका कहना है कि हरदा शहर में अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं लगी हैं, लेकिन शिवाजी महाराज की प्रतिमा के लिए अब तक स्थान तय नहीं किया गया है। समाज ने जल्द से जल्द प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है।