हाइलाइट्स
- रायसेन में अवैध ईंट भट्टे पर प्रशासन का छापा
- नाबालिग को परीक्षा से रोकने की शिकायत के बाद कार्रवाई
- तीन परिवार बंधुआ मजदूरी से मुक्त कराए गए
- 12 परिवारों के मजदूर कर्ज के बोझ तले काम करते मिले
Child labour MP : रायसेन। रायसेन में एक नाबालिग छात्र को परीक्षा देने से रोकने और बंधुआ मजदूरी की शिकायत के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा को मिली लिखित शिकायत के आधार पर शुक्रवार को भोपाल रोड स्थित नीमखेड़ा के ग्राम केवटी में संचालित एक अवैध ईंट भट्टे पर छापा मारा गया।
संयुक्त टीम ने की देर रात तक कार्रवाई
राजस्व, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों की संयुक्त टीम ने देर रात तक जांच की। कार्रवाई के दौरान भट्टे पर करीब 12 परिवारों के 40 से 50 मजदूर काम करते मिले। प्रारंभिक जांच में सभी मजदूर कर्ज के बोझ तले दबे पाए गए।
टीम ने मजदूरों से पूछताछ की और उनके दस्तावेजों की जांच की।

तीन परिवारों को कराया मुक्त
छापे के दौरान शिकायत करने वाले नाबालिग छात्र सहित तीन परिवारों को बंधुआ मजदूरी से मुक्त कराया गया। प्रशासन ने सभी को आवश्यक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू की है।
Betul news : बैतूल में आदिवासी महिला ने तहसीलदार के सामने खाया जहर
कर्ज के कारण फंसा था परिवार
नाबालिग ने बताया कि उसके बड़े भाई की शादी के लिए 70 हजार रुपये का कर्ज लिया गया था, जो बढ़कर एक लाख रुपये हो गया। जब परिवार ने दूसरी जगह काम करने की कोशिश की, तो भट्टा संचालक ने उन्हें जाने नहीं दिया और जबरन काम करने के लिए दबाव बनाया।

संचालक पर आरोप, पुलिस की कार्रवाई
आरोप है कि ईंट भट्टा संचालक विजय कुमार गुप्ता ने नाबालिग को 8वीं कक्षा की परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया और विरोध करने पर अभद्र व्यवहार किया। कार्रवाई के दौरान भी संचालक मजदूरों को डराता-धमकाता रहा। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
जिले में कई अवैध भट्टे संचालित
जानकारी के अनुसार रायसेन तहसील क्षेत्र में 200 से अधिक अवैध ईंट भट्टे संचालित हो रहे हैं। इन भट्टों पर सैकड़ों मजदूर, जिनमें बाल मजदूर भी शामिल हैं, काम करते हैं और अक्सर कर्ज के बोझ तले दबे रहते हैं।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।