Chitrakoot Ayush Kidnapping – Murder : चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के बरगढ़ कस्बे में एक कपड़ा व्यापारी के 13 वर्षीय बेटे आयुष केसरीवानी का अपहरण कर हत्या कर दी गई। अपहरणकर्ताओं ने 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। फिरौती न मिलने पर किशोर का गला घोंटकर हत्या की गई और शव शौचालय में बने पानी के हौद में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
पुलिस एनकाउंटर में आरोपी की मौत
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। दूसरे बदमाश पर एनकाउंटर में गोली चलाई गई, जिसमें उसकी मौत हो गई। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस के अनुसार, आयुष गुरुवार शाम 5 बजे कोचिंग से लौटने के कुछ देर बाद घर के बाहर से गायब हो गया। रात 8:30 बजे परिवार के पास फोन आया। अपहरणकर्ताओं ने एक घंटे में 40 लाख रुपये मांगे।
सूचना पर पुलिस ने रातभर तलाश की। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि प्रयागराज जिले के थाना धूरपुर क्षेत्र के कटरा उभारा निवासी इरफान अंसारी और मिस्त्री कल्लू उर्फ साहबे ईमान ने अपहरण किया था।
किशोर के गले में बंधी थी रस्सी
पुलिस ने बरगढ़ कस्बे में किराए के मकान में दबिश दी। इरफान पकड़ा गया। शुक्रवार सुबह 6 बजे शव बरामद किया गया। किशोर के गले में रस्सी बंधी थी, जिससे स्पष्ट हुआ कि गला घोंटकर हत्या की गई।
तीसरे आरोपी नौशाद की तलाश जारी
पुलिस इरफान की निशानदेही पर कल्लू की तलाश में परानू बाबा क्षेत्र पहुंची। आरोपियों ने पुलिस का असलहा छीनकर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से कल्लू की मौत हो गई। पैर में गोली लगने से इरफान घायल हो गया।
वहीं तीसरे आरोपी नौशाद की तलाश जारी है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने आयुष का शव लेकर झांती मिर्जापुर हाईवे पर करीब 5 घंटे जाम लगाकर प्रदर्शन किया। लोगों ने न्याय की मांग की।
हत्या, अपहरण और फिरौती के गंभीर आरोप
पुलिस ने कहा कि जांच जारी है। आरोपियों पर हत्या, अपहरण और फिरौती के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बता दें कि, इससे पहले चित्रकूट में 12 फरवरी 2019 को स्कूल बस से जुड़वा भाई प्रियांश व श्रेयांश रावत की भी अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में हत्यारों को सजा मिल चुकी है।