Latest

Athletes Mistreated Video : दो एथलीट्स के साथ बदसलूकी, मंत्री विश्वास सारंग ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

Athletes Mistreated Video

Athletes Mistreated Video :  मध्य प्रदेश। भोपाल के दो राष्ट्रीय स्तर के पोल वॉल्टर खिलाड़ियों देव मीणा और कुलदीप यादव के साथ ट्रेन यात्रा के दौरान बदसलूकी का मामला सामने आया है। दोनों खिलाड़ी मेंगलुरु में ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर भोपाल लौट रहे थे। पनवेल रेलवे स्टेशन पर टीटीई ने उनके पोल वॉल्ट को अनाधिकृत सामान बताकर ट्रेन से उतार दिया। खिलाड़ियों को घंटों स्टेशन पर फंसना पड़ा।

टीटीई ने की अवैध वसूली की कोशिश

देव मीणा और कुलदीप यादव ने बताया कि पोल वॉल्ट की लंबाई लगभग 5 मीटर होती है और इसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये है। टीटीई ने पोल ले जाने पर आपत्ति जताई और ज्यादा पैसे मांगे। खिलाड़ियों का आरोप है कि टीटीई ने वजन के बहाने अवैध वसूली की कोशिश की। जब बात नहीं बनी तो उन्हें ट्रेन से उतार दिया गया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया। देव मीणा ने कहा कि हर जगह उन्हें इसी तरह की परेशानी होती है, चाहे ट्रेन हो या फ्लाइट। टीटीई से रिक्वेस्ट करने पर भी वह चालान की बात करते रहे। कुलदीप यादव ने कहा कि उनके साथ गलत बर्ताव हुआ और व्यवस्था में सुधार होना चाहिए।

मंत्री विश्वास सारंग ने लिया संज्ञान

इस घटना पर मध्यप्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग ने संज्ञान लिया। उन्होंने रेल मंत्री को पत्र लिखने की बात कही है। मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ ऐसा बर्ताव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रेलवे को खिलाड़ियों के खेल उपकरणों के लिए विशेष व्यवस्था करनी चाहिए।

खिलाड़ियों ने बताया कि जूनियर खिलाड़ियों के साथ तो और भी ज्यादा परेशानी होती होगी। वे चाहते हैं कि ट्रेन और फ्लाइट में खेल उपकरण ले जाने की सही व्यवस्था हो ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

क्या कहा रेलवे ने

पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली है। रेलवे ने कहा कि जांच की जा रही है और दोषी टीटीई पर कार्रवाई होगी। खिलाड़ियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए विशेष दिशानिर्देश जारी करने की बात कही गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *