MP Congress Protest : भोपाल। मध्य प्रदेश में मंत्री कुंवर विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए विवादित बयान को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में जंजीरें पहनकर विरोध जताया और मंत्री विजय शाह की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।
युवा कांग्रेस ने आज मंत्री के बंगले पर घुसकर नेम प्लेट पर कालिख पोत दी और जोरदार नारेबाजी की। युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित खत्री ने कहा कि जब तक मंत्री इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस चरणबद्ध प्रदर्शन जारी रखेगी।
मंत्री का मुखौटा पहनकर किया प्रदर्शन
प्रदर्शन में कांग्रेस नेता अमित शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता शामिल थे। उन्होंने मंत्री का मुखौटा पहनाकर एक युवक को प्रतीकात्मक रूप से हथकड़ियां लगाईं और पुलिस को सौंप दिया।
यह प्रदर्शन सुप्रीम कोर्ट के हालिया सख्त रुख के बाद हुआ है, जहां कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार को दो हफ्ते के अंदर मंत्री के खिलाफ कार्रवाई पर फैसला लेने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने मामले पर फटकार लगाई और कहा कि माफी में देर हो चुकी है, अब द्वेष फैलाने के तहत मुकदमा चल सकता है।
Bhopal Murder Case : तीखी बहस के बाद पति ने की पत्नी की हत्या, गले पर मिले उंगलियों के निशान
कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिया था आपत्तिजनक बयान
कर्नल सोफिया कुरैशी ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना की ओर से प्रेस ब्रीफिंग करने वाली अधिकारी हैं। मंत्री विजय शाह ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की थी, जिसे लेकर पूरे देश में आक्रोश फैला था। कांग्रेस का आरोप है कि यह बयान सेना की बहादुर बेटी का अपमान है।
मंत्री विजय शाह को किया जाए गिरफ्तार
कांग्रेस नेता अमित शर्मा ने बाइट में कहा, “मंत्री विजय शाह ने सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया पर गंदी टिप्पणी की, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है। सुप्रीम कोर्ट भी सख्त हो चुका है। हम मांग करते हैं कि उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए और मंत्री पद से हटाया जाए। यह महिलाओं और सेना का अपमान है।”
प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की गई और मंत्री के इस्तीफे की मांग की गई। कांग्रेस का कहना है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद सरकार चुप है, इसलिए वे सड़क पर उतरे हैं।
यहां देखिए प्रदर्शन के वीडियो