Sehore Mobile Blast : सीहोर। भोपाल से सटे सीहोर जिले में एक दुकानदार के साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसने सबको हैरान कर दिया। दुकान पर बैठे युवक की पैंट की जेब में रखा मोबाइल अचानक गर्म होकर फट गया। धमाके से मोबाइल के परखच्चे उड़ गए, लेकिन गनीमत रही कि दुकानदार की जान बाल-बाल बच गई।
मोबाइल तेजी से हुआ गर्म
यह घटना अरविंद साहू नामक दुकानदार के साथ हुई। वे अपनी दुकान पर रोजमर्रा की तरह काम कर रहे थे। तभी अचानक उन्हें पैंट की जेब में रखा मोबाइल बहुत तेज गर्म लगने लगा।
जैसे ही उन्होंने हाथ लगाया, मोबाइल से धुआं निकलने लगा। डर के मारे अरविंद ने तुरंत मोबाइल को जेब से निकाला और दुकान से बाहर फेंक दिया।
टुकड़े-टुकड़े हो गया मोबाइल
जैसे ही मोबाइल जमीन पर गिरा, चंद सेकंड में ही उसमें जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग चौंक गए। मोबाइल पूरी तरह टुकड़े-टुकड़े हो गया।
अगर अरविंद ने मोबाइल को जेब में ही रखा होता या बाहर फेंकने में देर लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था। जेब में फटने से चोट लग सकती थी और जान भी जा सकती थी।
अरविंद साहू ने बताया कि मोबाइल सामान्य इस्तेमाल में था। कोई भी असामान्य बात नहीं लगी थी। अचानक गर्मी और धुआं देखकर वे घबरा गए। फेंकते ही धमाका हो गया। दुकान के आसपास बैठे लोग भी दौड़े आए। सभी ने राहत की सांस ली कि दुकानदार को कोई चोट नहीं आई।