MP News : मध्य प्रदेश। ग्वालियर के पॉश इलाके सिटी सेंटर साइट नंबर 1 में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। 61 साल की अनीता शर्मा अपने अपार्टमेंट में मृत पाई गईं। लाश करीब पांच दिन पुरानी थी और उससे तेज बदबू आ रही थी। अनीता रिटायर्ड चीफ मेडिकल एंड हेल्थ ऑफिसर (CMHO) की पत्नी थीं, जिनका कुछ साल पहले निधन हो चुका था। उसके बाद से वह अकेली ही रहती थीं।
पड़ोसियों ने बताया कि अनीता पिछले चार-पांच दिनों से घर से बाहर नहीं निकली थीं। रोजाना आने वाली मेड उन्हें दरवाजे पर बुलाती थी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला तो चली जाती थी। जब लगातार कई दिन यही हुआ तो मेड ने पड़ोसियों को बताया।
e-charging stations : विदिशा में जल्द मिलेगी ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन, PPP मॉडल पर टेंडर शुरू
पड़ोसियों ने अनीता के भाई को सूचना दी, जो ग्वालियर में ही रहते हैं। भाई जब घर पहुंचे और बार-बार बेल बजाने और आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया।
सिटी सेंटर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा बंद होने के कारण उसे तोड़ना पड़ा। अंदर पहली मंजिल पर बाथरूम के पास अनीता की लाश मिली। वह बिना कपड़ों के थीं और पास में एक बाल्टी में कपड़े रखे थे। नाक और मुंह से खून निकला हुआ था। कमरे में तेज बदबू फैली थी, जिससे साफ था कि मौत कई दिन पहले हो चुकी है।
पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि अनीता नहाने की तैयारी कर रही थीं या नहा रही थीं। संभवतः फिसलकर गिरने से सिर या शरीर पर गंभीर चोट लगी और उनकी मौत हो गई। चूंकि वह अकेली रहती थीं, इसलिए किसी को तुरंत पता नहीं चल सका।
पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जयारोग्य अस्पताल की मॉर्चुरी भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सटीक कारण पता चल सकेगा।
पड़ोसियों ने बताया कि अनीता शांत स्वभाव की महिला थीं। पति के निधन के बाद वह अकेले ही रहती थीं, लेकिन नियमित रूप से मेड रखती थीं और जरूरत पड़ने पर रिश्तेदारों से मिलती-जुलती थीं।
उनका भाई और अन्य परिजन भी कभी-कभी आते रहते थे। इस घटना से पूरे अपार्टमेंट में मातम है। लोग कह रहे हैं कि अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा और देखभाल पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
सिटी सेंटर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अभी तक किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि का पता नहीं चला है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में अगर कोई और कारण सामने आता है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला दुर्घटना का लग रहा है।