Sehore VIT College Protest : मध्य प्रदेश। सीहोर जिले के कोठरी क्षेत्र में स्थित वीआईटी (VIT) भोपाल विश्वविद्यालय के परिसर में मंगलवार और बुधवार को खाना और पीने के पानी की खराब गुणवत्ता को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। करीब 2 से 3 हजार छात्र सड़कों पर उतरे और देखते-ही-देखते प्रदर्शन हिंसक हो गया। छात्रों ने बसों-कारों में आग लगा दी, हॉस्टल और लैब में तोड़फोड़ की और पांचों कैंटीन को लूट लिया। कॉलेज को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
Raisen Suicide Case : 20 साल के युवक विजय तोमर ने लगाई फांसी, एक दिन पहले आया था मामा के घर
छात्रों का आरोप था कि हॉस्टल का खाना लगातार खराब मिल रहा है और पीने का पानी भी दूषित है। जब कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ तो गुस्सा भड़क उठा। उपद्रव में एक बस और तीन कारें पूरी तरह जल गईं। एक अन्य कार, तीन बसें, एक इलेक्ट्रिक ऑटो और एक इलेक्ट्रिक बग्गी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
तोड़फोड़ का सिलसिला यहीं नहीं रुका। बॉयज हॉस्टल (1 से 7), गर्ल्स हॉस्टल (1 और 2), चांसलर रेजिडेंसी, मल्टीपर्पज हॉल, लैब कॉम्प्लेक्स, सर्विलांस बिल्डिंग और एकेडमिक ब्लॉक-2 में भी जमकर उत्पात मचाया गया। कैंटीन से नकदी लूट ली गई और खाने का सारा सामान सड़क पर फेंक दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए VIT यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार के.के. नायर ने कोठरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात छात्रों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
बुधवार को कलेक्टर बालागुरू के. और एसपी दीपक कुमार शुक्ला खुद कॉलेज पहुंचे। उन्होंने प्रबंधन के साथ लंबी बैठक की और सभी बोरवेल, पानी के टैंक और वाटर कूलर से सैंपल लिए गए। ये सैंपल जिला जल प्रयोगशाला भेजे गए हैं। खाने के भी सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट आने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
कलेक्टर ने साफ निर्देश दिए कि छात्रों की हर वैध शिकायत का तुरंत और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए। कॉलेज में मेडिकल टीम 24 घंटे तैनात रहेगी। एसडीएम और एसडीओपी को लिखित निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और लगातार निगरानी के बाद अब कॉलेज परिसर और आसपास का माहौल पूरी तरह सामान्य हो गया है। पुलिस अभी भी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि उपद्रव करने वाले छात्रों की पहचान हो सके।