MP Crime News : रायसेन, मध्य प्रदेश। रायसेन जिले के गौहरगंज थाना क्षेत्र में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के तीन दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी सलमान (23) पुलिस की पकड़ से बाहर है। बच्ची की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और वह भोपाल के एम्स अस्पताल में भर्ती है। दूसरी तरफ लोगों का गुस्सा दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है।
Bhopal News : कोलार-बैरागढ़ में 155 करोड़ का नया सीवेज सिस्टम, CM मोहन यादव करेंगे भूमिपूजन
सोमवार को रायसेन, बाड़ी और चिकलोद में पूरा बाजार बंद रहा। हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और रैली निकालकर आरोपी को फांसी देने की मांग की। दोपहर में मंडीदीप के सतलापुर चौराहे पर 5,000 से ज्यादा लोग जमा हो गए और नेशनल हाईवे-46 को जाम कर दिया।
जाम का असर भोपाल के मिसरोद और टोल नाके तक दिखा। भोजपुर रोड और बांगरसिया रोड पर 5 से 7 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जाम खोलने के लिए पहुंची मंडीदीप नगरपालिका की फायर ब्रिगेड गाड़ी को भीड़ ने रोक लिया और उसमें तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। हालांकि गौहरगंज थानेदार ने लाठीचार्ज से साफ इनकार किया है।
MP News : रायसेन में “मुर्दा” ने अचानक निकाली आवाज, शव वाहन में लादते वक्त जिंदा निकला!
कड़ाके की ठंड के बावजूद रविवार रात से ही सौ से ज्यादा महिलाएं गौहरगंज थाने पर डटी हुई हैं। वे विधायक सुरेंद्र पटवा को बुलाने की मांग कर रही थीं। सोमवार दोपहर विधायक पहुंचे, लेकिन महिलाएं टस से मस नहीं हुईं और आरोपी की गिरफ्तारी तक धरना जारी रखने की बात कह रही हैं।
पुलिस की तलाशी अभियान भी अब तक नाकाम साबित हो रहा है। एसपी पंकज पांडेय और एसडीओपी शील सुराणा खुद अमरथोन के घने जंगलों में पुलिस और वन विभाग की टीमों के साथ दिनभर छापेमारी करते रहे। कई बार सूचना मिली कि आरोपी दिखा है, लेकिन हर बार हाथ खाली रहा।
परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर भी गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि घटना के बाद बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए न एम्बुलेंस मिली और न ही मेडिकल टीम समय पर आई। इस आरोप के बाद औबेदुल्लागंज की बीएमओ डॉ. अमृता जीवने को तुरंत पद से हटा दिया गया है।
इलाके में तनाव अभी भी बना हुआ है। लोग कह रहे हैं कि जब तक आरोपी को फांसी नहीं होगी, शांति से नहीं बैठेंगे। प्रशासन अलर्ट मोड पर है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।