MP Cold Weather : भोपाल। मध्यप्रदेश इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। सुबह और रात के साथ-साथ अब दिन में भी ठंडी हवाएं चल रही हैं। मंगलवार को प्रदेश के 15 से ज्यादा जिलों में शीतलहर चली। मौसम विभाग ने बुधवार यानी आज भी भोपाल, इंदौर, जबलपुर, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, देवास, खंडवा, खरगोन, धार, बड़वानी, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, शहडोल, कटनी और उमरिया में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है।
Bhopal News : मैजिक स्पॉट कैफे पर 20 नकाबपोश बदमाशों का हमला, जांच में जुटी तीन थानों की पुलिस
मंगलवार-बुधवार की रात सबसे ठंडी रही। राजगढ़ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान महज 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी में 6.4, उमरिया में 7.6, नौगांव में 7.8, शिवपुरी में 8, बैतूल में 8.7, धार में 8.8 और मलाजखंड में 8.9 डिग्री तापमान रहा। कुल 18 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया।
बड़े शहरों में इंदौर में 7.7 डिग्री, भोपाल में 8.2 डिग्री, जबलपुर में 9 डिग्री, ग्वालियर में 10.5 डिग्री और उज्जैन में 11 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। भोपाल में तो 16-17 नवंबर की रात 5.2 डिग्री तापमान के साथ नवंबर महीने का 84 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक, साल 1941 में नवंबर में सबसे कम 6.1 डिग्री तापमान था, जो इस बार टूट चुका है।
ठंड और कोहरे के कारण कई जिलों में स्कूलों का समय बदल दिया गया है। जबलपुर में 19 नवंबर से नर्सरी से 5वीं तक के स्कूल सुबह 9 बजे से पहले नहीं खुलेंगे। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, खंडवा, झाबुआ, शहडोल और सागर में भी स्कूलों की टाइमिंग बढ़ाई गई है ताकि बच्चे सुबह की कड़क ठंड में घर से न निकलें।
मौसम विभाग के अनुसार अभी मौसम साफ है, इसलिए उत्तरी ठंडी हवाएं तेजी से चल रही हैं। 22 नवंबर से बंगाल की खाड़ी में एक नया लो प्रेशर बनने की संभावना है, जिससे मौसम में बदलाव आ सकता है, लेकिन तब तक ठंड और बढ़ने के आसार हैं।