MP News : भोपाल। बागेश्वर धाम के प्रमुख संत पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणियां हो रही हैं। इसे बर्दाश्त न करने का फैसला भोपाल की कपीश सेना बागेश्वर धाम सुंदरकांड शिष्य मंडल ने लिया है। संगठन ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर के प्रतिनिधि को सौंपा। इसमें दोषियों पर तत्काल प्रतिबंध और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
संगठन के सदस्यों का कहना है कि संतों का अपमान धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। ऐसी टिप्पणियां समाज में नफरत फैलाती हैं इसलिए इन्हें रोकना जरूरी है। ज्ञापन में स्पष्ट लिखा है कि अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने वालों को बेनकाब किया जाए। साथ ही, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी बढ़ाई जाए।
मंडल प्रभारी चरण सेवक दीपक गुप्ता ने कहा कि बाबा धीरेंद्र महाराज लाखों भक्तों के आस्था के केंद्र हैं। उनके खिलाफ कोई भी गलत बयान असहनीय है। हम सरकार से अपील करते हैं कि ऐसे अपराधियों पर तुरंत एक्शन लें।
आकाश श्रीवास्तव ने जोड़ा कि यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति पर हमला है। हमें एकजुट होकर इसका मुकाबला करना होगा। इस अवसर पर भास्कर तनपुरे, राहुल मरमट जैसे कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।