Bhopal Diwali Fire Accident : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दिवाली की रात आतिशबाजी के चलते 18 जगहों पर आग लगने की घटनाएं हुईं। शाहपुरा और बैरागढ़ में दो कारें जलकर खाक हो गईं। लांबाखेड़ा में एक मकान में आग लगी। कई जगहों पर झोपड़ियों और झाड़ियों में चिंगारी से आग भड़की। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। भोपाल नगर निगम की फायर ब्रिगेड ने त्वरित कार्रवाई कर बड़ी घटनाओं को टाल दिया।
350 कर्मचारी, 100 टैंकर तैनात
दिवाली की रात फायर ब्रिगेड 24 घंटे अलर्ट रही। फायर ऑफिसर सौरभ पटेल ने बताया, “हमारे 400 में से 350 कर्मचारियों ने डबल ड्यूटी की। 100 टैंकर और 30 दमकलें हर समय तैयार रहीं।” सूचना मिलते ही टीमें मौके पर पहुंचीं। इस वजह से आग को तेजी से काबू किया गया। पिछले तीन सालों में हर बार 25 से ज्यादा आगजनी के मामले सामने आए थे। इस बार 18 मामले दर्ज हुए, जो पहले से कम हैं।
MP News : 13 साल के बच्चे के सिर में लगी गोली, परिजनों ने समझा पत्थर की चोट, इलाज के दौरान तोड़ा दम
कहां-कहां लगी आग?
लांबाखेड़ा: एक मकान में आग लगी। दमकल ने तुरंत काबू पाया।
कोहेफिजा: सेफिया ग्राउंड के पास पेड़ में आग भड़की।
अपोलो सेज हॉस्पिटल: आसपास की झाड़ियों में चिंगारी से आग लगी।
अयोध्या बायपास: एक झोपड़ी का हिस्सा जल गया। दूसरी घटना में लॉन्ड्री दुकान में आग लगी।
ऐशबाग: बाउंड्रीवॉल के पेड़-पौधों में आग पकड़ी।
शाहपुरा : अर्चना पैलेस के पास एक कार जलकर खाक।
बैरागढ़: गिदवानी पार्क के पास एक कार में आग। लोग और दमकल ने मिलकर बुझाई।
संत हिरदाराम नगर: वन ट्री हिल्स जनचेतना पार्क के पास खाली प्लॉट की झाड़ियां जलीं।
आतिशबाजी बनी आग का कारण
फायर ऑफिसर ने बताया कि ज्यादातर आगजनी की घटनाएं पटाखों की चिंगारी से हुईं। पिछले साल बैरागढ़, अवधपुरी, कोलार, करोंद, न्यू मार्केट, हमीदिया रोड, छोला, इंद्रपुरी और बागसेवनिया में भी ऐसे हादसे हुए थे।
इस बार सतर्कता के चलते बड़ा नुकसान टला। शहर के 13 फायर स्टेशनों- फतेहगढ़, जिंसी चौराहा, कोलार, होशंगाबाद रोड, रायसेन रोड, करोंद, गोविंदपुरा, माता मंदिर—पर दमकलें और टैंकर तैनात थे। सूचना मिलते ही टीमें रवाना हुईं।
MP Cough Syrup Scandal : जहरीली ‘कोल्ड्रिफ’ से 24 मासूमों की मौत, कंपनी मालिक पहुंचा जेल
नगर निगम की अपील
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि पटाखे खुले और सुरक्षित स्थान पर जलाएं। फायर ऑफिसर सौरभ पटेल ने कहा, “लापरवाही से चिंगारी बड़ा हादसा कर सकती है। सावधानी जरूरी है।” स्थानीय लोगों ने भी फायर ब्रिगेड की तारीफ की। एक निवासी ने कहा, “दमकल की तेजी ने बड़ा नुकसान बचा लिया।” पुलिस और नगर निगम ने अगले साल के लिए और सख्त इंतजाम की बात कही।