MP News : मध्य प्रदेश। इंदौर के राऊ इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। पति के अन्य युवतियों से संबंधों से परेशान 25 वर्षीय सुमन ने अपने 5 महीने के बेटे प्रथम को गोद में लिया और खुद पर एसिड डाल लिया। इसके बाद आग लगा दी। इस घटना में दोनों की जलकर मौत हो गई।
ये है पूरा मामला
राऊ पुलिस के अनुसार, यह हादसा न्यू ब्रज विहार कॉलोनी में हुआ। सुमन ने बेटे को गोद में बिठाया और दोनों पर एसिड डाल दिया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। सुमन दो घंटे तक तड़पीं। रिश्तेदारों ने उन्हें चोइथराम अस्पताल पहुंचाया। वहां गुरुवार रात को बेटे की और शुक्रवार दोपहर को सुमन की मौत हो गई।
दोनों के शव जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिए गए। सुमन मूल रूप से भोपाल की रहने वाली थीं। उनकी शादी 2022 में कैलाश से हुई। कैलाश एक कारखाने में सिलाई का काम करता है।
पति पर गंभीर आरोप
परिजनों का कहना है कि कैलाश के अन्य महिलाओं से अवैध संबंध थे। इसी वजह से सुमन से उसकी बार-बार अनबन होती थी। वह पत्नी से दूरी बनाए रखता था। सुमन को हाई शुगर की समस्या थी, लेकिन पति उनका ध्यान नहीं रखता था।
झगड़े करता रहता था। विवाद बढ़ने पर सुमन का भाई भोपाल से जीजा को समझाने इंदौर आया था। आरोप है कि कैलाश ने सुमन को काफी प्रताड़ित किया।
एसीपी गांधी नगर नीति सक्सेना ने बताया कि चोइथराम अस्पताल से सूचना मिली थी। थाने में मर्ग दर्ज किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।