MP Poster War : इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में हाल के ‘I Love Mohammad’ बैनर विवाद के बाद एक नया पोस्टर वॉर शुरू हो गया है। कांग्रेस के पूर्व महासचिव राकेश सिंह यादव ने ‘I Love Constitution’ पोस्टर जारी किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह पोस्टर चंदन नगर क्षेत्र के नूरी मस्जिद के पास ‘I Love Mohammad’ बैनर के जवाब में आया, जिसके बाद ‘I Love Mahakal’ स्टेटस ट्रेंड कर रहे थे।
पूर्व महासचिव राकेश सिंह यादव ने बताया कि देश में बढ़ रही नफरत और सांप्रदायिकता के खिलाफ एकजुटता का संदेश देने के लिए यह पोस्टर जारी किया है। देश का संविधान ही सभी नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और सुरक्षा का अधिकार देता है। यही संविधान देश की एकता और अखंडता का सबसे बड़ा आधार है।
राकेश सिंह ने आरोप लगाया कि इंदौर में सुनियोजित षड्यंत्र के तहत धार्मिक उन्माद फैलाने और दंगे भड़काने की कोशिश की जा रही है। ऐसे देशविरोधी तत्वों के खिलाफ प्रशासन और पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। देशद्रोह की धाराओं में FIR दर्ज करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इंदौर की जनता हमेशा शांति, सद्भाव और भाईचारे की मिसाल रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे संविधान की मर्यादा, एकता और अमन बनाए रखने में सहयोग करें। यह पोस्टर देशहित और जनहित में जारी किया है। हमारा संदेश है कि संविधान ही हमारा धर्म और देश की आत्मा है।
बता दें कि, इससे पहले, इंदौर के चंदन नगर क्षेत्र स्थित नूरी मस्जिद के सामने गणेश नगर इलाके में ‘I LOVE MOHAMMAD’ (आई लव मोहम्मद) लिखा बैनर लगाया गया था। इस पर विहिप नेताओं ने पुलिस से शिकायत की थी और बैनर हटाने की मांग की थी।मामला गर्माने के बाद शहर में कई लोगों ने सोशल मीडिया पर ‘आई लव महाकाल’ के स्टेटस भी लगाए थे।