MP Rewa CMHO office Viral Photo : रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है, जिसमें जिला लेखापाल संतोष तिवारी ड्यूटी के दौरान कार्यालय के चैंबर में आराम फरमाते नजर आ रहे हैं। यह घटना मंगलवार (23 सितंबर 2025) की बताई जा रही है।
वायरल तस्वीर ने सरकारी कार्यालयों में लापरवाही और जवाबदेही की कमी को उजागर कर दिया है, जहां जनता को घंटों इंतजार करना पड़ता है, वहीं अधिकारी आराम से सोते हैं। फिलहाल, प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन कांग्रेस ने इसे ‘सरकारी दामादों की मनमानी’ बताकर हमला बोला है।
वायरल तस्वीर का पूरा मामला
रीवा CMHO कार्यालय में जिला लेखापाल संतोष तिवारी ड्यूटी के समय चैंबर में आराम कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार, तिवारी ने कार्यालय के चैंबर को सोने के लिए उपयोग किया, जबकि बाहर मरीज और अन्य लोग इंतजार कर रहे थे। जब अन्य कर्मचारियों ने उन्हें टोका कि “यह कार्यालय है, नींद पूरी करने की जगह नहीं,” तो संतोष तिवारी ने किसी से न डरने की बात कही।
इससे कार्यालय में तनाव का माहौल बन गया। कर्मचारियों ने गुस्से में उनकी तस्वीर खींच ली और मीडिया को भेज दी। वायरल तस्वीर में तिवारी कुर्सी पर लेटे आराम करते साफ दिख रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रही है।
कांग्रेस का तीखा प्रहार
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता विनोद शर्मा ने वायरल तस्वीर पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “जिस तरह ये अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी टाइम में आराम फरमा रहे हैं, उन्हें देखकर समझ आता है कि जनता आज क्यों परेशान और त्रस्त है। जनता क्यों अधिकारियों के दफ्तरों के भीतर घंटों इंतजार करने को मजबूर है? क्योंकि ये AC चलाकर भीतर आराम से सो रहे हैं।
इन्हें जनता की फिक्र नहीं, ये सरकारी दामाद हैं।” शर्मा ने सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की, और कहा कि यह स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का नंगा चेहरा है। कांग्रेस ने इसे राज्यव्यापी समस्या बताते हुए अन्य जिलों में भी ऐसी घटनाओं की जांच की मांग की।
प्रशासन की चुप्पी
अभी तक संतोष तिवारी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMHO) समेत अन्य अधिकारी मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं।