Ajay Film Demanded Tax Exemption MP News : भोपाल। योगी आदित्यनाथ की बायोपिक ‘अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी’ शुक्रवार 19 सितंबर 2025 को रिलीज हुई। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया। संस्कृति बचाओ मंच और हिंदू उत्सव समिति जैसे संगठनों ने सरकार से गुजारिश की – फिल्म को टैक्स फ्री करो, और CM मोहन यादव पूरी कैबिनेट संग इसे देखो, ताकि जनता को योगी का असली चेहरा दिखे।
फिल्म ‘अजेय’ का सफर किसी सुपरहीरो स्टोरी से कम नहीं। निर्देशक रविंद्र गौतम ने शांतनु गुप्ता की किताब ‘द मॉन्क हू बिकेम चीफ मिनिस्टर’ से प्रेरित होकर अजय सिंह बिष्ट के जीवन को स्क्रीन पर उतारा है – हिमालय की वादियों से निकलकर गोरखनाथ पीठ के संत बने, फिर यूपी के सीएम। अनंत जोशी ने योगी का किरदार निभाया, तो परेश रावल महंत अवैद्यनाथ (योगी के गुरु) बने। फिल्म में योगी के संघर्ष, सनातन धर्म की रक्षा और राजनीतिक ऊंचाइयों को दिखाया गया है।
रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर 0.25 करोड़ की कमाई, और 8.95% ऑक्यूपेंसी – दर्शकों का रिस्पॉन्स जोरदार। एक दर्शक ने कहा, “यह फिल्म सिर्फ बायोपिक नहीं, प्रेरणा का स्रोत है। योगी का बुलडोजर एक्शन देखकर रोंगटे खड़े हो गए!” लेकिन CBFC की देरी से 1 अगस्त की प्लान्ड रिलीज 19 सितंबर पर खिसक गई, फिर भी यह हिट साबित हो रही।
संस्कृति बचाओ मंच और हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा, “प्रदेश सरकार से अपील है कि ‘अजेय’ को एमपी में टैक्स फ्री करो। CM मोहन यादव पूरी कैबिनेट संग इसे देखें, ताकि जनता समझे योगी का जीवन क्या है।
उनका संघर्ष, सनातन के लिए कुर्बानी – बुलडोजर से अपराधियों पर वार, लव जिहाद पर सख्ती, ऑपरेशन मजनू जैसे अभियान। वे गोरखनाथ पीठ के पीठाधीश्वर हैं, हिंदुत्व की अलख जगाने वाले संत, जिन्होंने CM बनकर दुनिया को दिखाया कि धर्म की रक्षा राजनीति से ऊपर है।”
तिवारी का मानना है कि फिल्म से सनातन धर्म के लाखों अनुयायी प्रेरित होंगे। संगठनों का दबाव बढ़ रहा है, और सोशल मीडिया पर #AjeyTaxFreeMP ट्रेंड कर रहा।
लेकिन इस मांग पर सियासत भी गरम हो गई। कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “योगी आदित्यनाथ और BJP नेताओं को राजनीति छोड़ देनी चाहिए। योगी मुंबई चले जाएं, जहां फिल्में बनती हैं। ऐसी फिल्में उन नेताओं पर बनें जिन्होंने समाज-देश के लिए काम किया हो। यूपी की जनता जानती है योगी ने क्या किया।
अगर एमपी सरकार इसे टैक्स फ्री करती है, तो यूपी सरकार एमपी के सभी CMs पर बनी फिल्मों को टैक्स फ्री करे!” शर्मा का यह बयान विपक्ष की रणनीति का हिस्सा लगता है, जो फिल्म को प्रचार का हथियार बता रही। BJP ने इसे खारिज किया, बोले – “योगी का जीवन प्रेरणा है, टैक्स फ्री से ज्यादा महत्वपूर्ण संदेश है।”
2025 में एमपी सरकार ने कई फिल्मों को टैक्स फ्री कर चुकी है, जो हिंदुत्व और राष्ट्रवाद पर फोकस वाली हैं। फरवरी में रिलीज ‘छावा’ (विक्की कौशल अभिनीत, छत्रपति संभाजी महाराज पर आधारित) को CM मोहन यादव ने टैक्स फ्री किया। जुलाई में अनुपम खेर की ‘तन्वी द ग्रेट’ (एक ऑटिस्टिक लड़की की प्रेरक कहानी) को भी छूट मिली और CM ने कैबिनेट संग इसे देखा।