Latest

Bomb Threat : ‘आज 4 बजे होगा बूम’…पाकिस्तानी एक्स हैंडल से बिहार में बम की धमकी, राज्य पुलिस हाई अलर्ट पर

Bomb Threat in Bihar

Bomb Threat in Bihar from Pakistani X Handle : पटना। बिहार में चुनावी माहौल के बीच पुलिस को एक पाकिस्तानी एक्स हैंडल से बिहार में सार्वजनिक स्थानों पर बम ब्लास्ट की धमकी मिली है। इस धमकी के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट जारी किया है।

जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी X हैंडल ‘असद’ से मिली धमकी के बाद राज्य पुलिस मुख्यालय ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। धमकी में कहा गया है कि आज, 12 सितंबर 2025 (शुक्रवार) दोपहर 4 बजे बिहार के सार्वजनिक स्थानों पर बम धमाका होगा।

बिहार पुलिस मुख्यालय को 11 सितंबर गुरुवार को पाकिस्तान से संचालित होने वाले X हैंडल ‘असद’ से एक धमकी भरा मैसेज प्राप्त हुआ। इस मैसेज में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया कि राज्य के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में दोपहर 4 बजे विस्फोट किया जाएगा। जैसे ही यह जानकारी सामने आई पुलिस मुख्यालय ने तुरंत सभी 38 जिलों के एसपी और पुलिस अधिकारियों को अलर्ट जारी कर दिया।

निर्देशों में कहा गया है कि सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, रेलवे स्टेशनों, धार्मिक स्थलों और अन्य संवेदनशील जगहों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। विशेष रूप से बम निरोधक दस्ते (BDDS) और डॉग स्क्वायड की टीमें तैनात की जाएं ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु की तुरंत जांच हो सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह धमकी सोशल मीडिया के जरिए भेजी गई थी, जो पाकिस्तानी IP एड्रेस से ट्रेस की जा रही है। हालांकि, X पर इस हैंडल की खोज में कोई स्पष्ट प्रोफाइल या हालिया पोस्ट नहीं मिली जो सीधे इस धमकी से जुड़ी हो।

संभावना है कि यह एक फर्जी या अस्थायी अकाउंट हो जो सिरफिरे तत्वों द्वारा इस्तेमाल किया गया हो। लेकिन फिर भी पुलिस किसी भी तरह की लापरवाही बरतने को तैयार नहीं है।

पटना समेत प्रमुख शहरों में सिक्योरिटी चेकिंग तेज हो गई है, और सीसीटीवी फुटेज की निगरानी बढ़ा दी गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “हम हर संभावना को ध्यान में रख रहे हैं। चाहे यह सच्ची धमकी हो या मजाक, हम पूरी सतर्कता बरतेंगे।”

यह पहली बार नहीं है जब बिहार को ऐसी धमकियां मिल रही हैं। हाल ही में, 9 सितंबर 2025 को पटना साहिब गुरुद्वारे (तख्त श्री हरमंदिर जी) को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद पूरा परिसर खाली कराया गया और बम निरोधक दलों ने छानबीन की। कोई विस्फोट तो नहीं हुआ, लेकिन यह घटना लोगों में दहशत फैला चुकी थी।

इसी तरह, 29 अगस्त 2025 को पटना सिविल कोर्ट को भी बम धमकी मिली थी, जहां पूरे परिसर की तलाशी ली गई। इन घटनाओं से साफ है कि राज्य में सुरक्षा की चुनौतियां बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ये धमकियां या तो पड़ोसी देशों से प्रायोजित हो सकती हैं या फिर घरेलू तत्वों द्वारा चुनावी माहौल बिगाड़ने के लिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *