Latest

Mumbai Bomb Threat : मुंबई को बम से दहलाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, लश्कर-ए-जिहादी’ के नाम से भेजा था मैसेज

The person who threatened to attack Mumbai with a bomb has been arrested

Ashwini Kumar Arrested in Mumbai Bomb Threat : मुंबई। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने मुंबई को बम धमकी भेजने वाले आरोपी अश्वनी कुमार को कुछ ही घंटों में नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। मुंबई पुलिस को व्हाट्सएप पर भेजे गए धमकी भरे मैसेज में ‘लश्कर-ए-जिहादी’ के नाम से दावा किया गया था कि 14 पाकिस्तानी आतंकी 400 किलो RDX के साथ मुंबई में घुसपैठ कर चुके हैं और एक करोड़ लोगों की जान लेने वाला धमाका करेंगे। यह धमकी 6 सितंबर 2025 को गणेश विसर्जन के दिन से ठीक पहले आई, जिसके कारण मुंबई में हाई अलर्ट जारी किया गया।

ये है पूरा मामला

दरअसल, बीते 4 सितंबर 2025 को मुंबई ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर एक धमकी भरा मैसेज आया। मैसेज में दावा किया गया कि ‘लश्कर-ए-जिहादी’ के 14 पाकिस्तानी आतंकियों ने मुंबई में घुसपैठ की है और 34 वाहनों में ‘ह्यूमन बम’ के साथ 400 किलो RDX लगाया गया है। मैसेज में कहा गया कि यह धमाका मुंबई को हिला देगा और एक करोड़ लोगों की जान लेगा।

यह धमकी अनंत चतुर्दशी (6 सितंबर 2025) से पहले आई, जब मुंबई में गणेश विसर्जन के लिए लाखों लोग सड़कों पर उतरते हैं। इस कारण मुंबई पुलिस ने तुरंत हाई अलर्ट जारी किया और सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाया।

जांच में पता चला कि अश्वनी कुमार ने यह मैसेज अपने दोस्त फिरोज को फंसाने के लिए भेजा था। 2023 में फिरोज की शिकायत पर अश्वनी को पटना के फुलवारी शरीफ थाने में 3 महीने की जेल हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने यह साजिश रची।

पुलिस की कार्रवाई

मुंबई पुलिस के ज्वाइंट सीपी ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से संपर्क किया। लक्ष्मी सिंह ने ज्वाइंट सीपी (L/O) और SWAT टीम को कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी। नोएडा पुलिस ने 4-5 घंटों में सेक्टर-79, नोएडा की एक सोसाइटी से अश्वनी कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने अश्वनी के पास से 7 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड, 6 मेमोरी कार्ड होल्डर, 1 एक्सटर्नल सिम स्लॉट, 2 डिजिटल कार्ड, और 4 सिम कार्ड होल्डर बरामद किए। मुंबई पुलिस ने वर्ली थाने में BNS की धारा 196(1)(a)(b) (राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा), 351(2) (आपराधिक धमकी), 351(3), और 351(4) के तहत मामला दर्ज किया। एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) और अन्य एजेंसियों को भी जांच में शामिल किया गया।

ज्योतिष और वास्तु का काम करता था अश्वनी कुमार

झूठी धमकी देने वाले आरोपी की पहचान अश्वनी कुमार, 51 वर्ष, मूल रूप से पटना, बिहार के पाटलिपुत्र कॉलोनी के निवासी के रूप में हुई है। वह पिछले 5 साल से नोएडा के सेक्टर-79 में रहकर ज्योतिष और वास्तु का काम करता था।
अश्वनी ने यह धमकी फिरोज के नाम से भेजी थी। 2023 में फिरोज की शिकायत पर अश्वनी को जेल हुई थी, जिसके कारण उसने बदला लेने की योजना बनाई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *