हाइलाइट्स:
- सीहोर के सिराड़ी गांव में तिरंगे के अपमान का मामला
- सड़क पर बिछाकर कथित रूप से कुचला गया राष्ट्रध्वज
- तीन आरोपी पुलिस हिरासत में
- राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
National Flag Insult : सीहोर। सीहोर जिले के दोराहा थाना क्षेत्र के ग्राम सिराड़ी में राष्ट्रध्वज के अपमान का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
सड़क पर बिछाया गया तिरंगा
जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगे’ को बीच सड़क पर बिछा दिया। इतना ही नहीं, उसके चारों कोनों पर पत्थर रख दिए गए और कथित तौर पर उसे पैरों से कुचला गया। इस घटना को देखकर ग्रामीणों की भावनाएं आहत हुईं और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीण की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
ग्राम निवासी राहुल दांगी ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कृत्य जानबूझकर देश की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने तीन आरोपियों को लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही राजेश सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तिरंगे को सम्मानपूर्वक हटाया। मामले में सलीम खान, जलील खान उर्फ गुड्डू और समीर खान नामक तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
राष्ट्रीय गौरव अपमान अधिनियम के तहत केस दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ ‘राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971’ की धारा 2 और 3 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
गांव में आक्रोश, पुलिस सतर्क
घटना के बाद गांव में लोगों में नाराजगी देखी गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।