हाइलाइट्स
- एमपी में बारिश का दौर थमा, अब बढ़ेगी गर्मी
- तापमान में 4–6 डिग्री तक बढ़ोतरी के आसार
- अगले 5 दिन तक बारिश की संभावना नहीं
- 15 अप्रैल को नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा
- फरवरी-मार्च में कई बार बदला मौसम, फसलों को नुकसान
MP weather update today : भोपाल। मध्यप्रदेश में अप्रैल की शुरुआत में जहां आंधी, बारिश और ओलों का दौर देखने को मिला, वहीं अब मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से प्रदेश में बारिश का सिलसिला थम जाएगा और भीषण गर्मी का दौर शुरू होगा।
5 दिन तक शुष्क रहेगा मौसम
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, अगले 5 दिनों तक प्रदेश में कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
अप्रैल की शुरुआत में एक्टिव रहे सिस्टम
अप्रैल के पहले सप्ताह में प्रदेश में लगातार मौसम बदलता रहा। आंधी, बारिश और ओलों के पीछे वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन जैसे मजबूत सिस्टम एक्टिव थे। गुरुवार को भी इनका असर उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट जैसे जिलों में देखने को मिला, जहां कहीं तेज आंधी चली तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई।
15 अप्रैल को नया सिस्टम एक्टिव
मौसम विभाग के मुताबिक, 15 अप्रैल को उत्तर-पश्चिमी भारत में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। हालांकि, इसका असर मध्यप्रदेश में बहुत कम देखने को मिलेगा।
अप्रैल-मई, गर्मी के सबसे अहम महीने
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जैसे सर्दी के लिए दिसंबर-जनवरी और बारिश के लिए जुलाई-अगस्त अहम होते हैं, वैसे ही गर्मी के लिए अप्रैल और मई सबसे महत्वपूर्ण महीने माने जाते हैं। इस साल मार्च के दूसरे पखवाड़े में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था, लेकिन बाद में एक्टिव सिस्टम के कारण तापमान में गिरावट आई।
फरवरी-मार्च में कई बार बदला मौसम
इस साल फरवरी और मार्च में 4-4 बार मौसम में बदलाव देखा गया। फरवरी में ओले और बारिश से फसलों को नुकसान हुआ, जिसके बाद सरकार ने सर्वे कराया। वहीं मार्च में भी कई दौर की आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं, पपीता और केले की फसल प्रभावित हुई।