हाईलाइट्स
• महुआ बीनने गए ग्रामीण पर बाघ का हमला, मौत
• जंगल में शव के पास बैठा मिला बाघ
• परिजनों ने हिम्मत कर बाघ को भगाया
• पुलिस और वन विभाग ने शुरू की जांच
MP Tiger Attack News : नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) के चूरना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां महुआ बीनने गए 49 वर्षीय आदिवासी ग्रामीण पर बाघ ने हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
महुआ बीनने गया था ग्रामीण, नहीं लौटा घर
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुधराम (49) पिता हजारी चौहान, निवासी चनागढ़ झुनकर के रूप में हुई है। वह बुधवार दोपहर तवा नदी पार कर एसटीआर के कोर क्षेत्र में महुआ बीनने गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
शव के पास बैठा मिला बाघ
गुरुवार सुबह जब परिजन और ग्रामीण जंगल में खोजबीन करते हुए महुआ के पेड़ के पास पहुंचे, तो वहां बाघ बैठा दिखाई दिया। पास ही मृतक का शव पड़ा था। परिजनों ने हिम्मत जुटाकर बाघ को वहां से भगाया, जिसके बाद पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलते ही केसला थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को सुखतवा लाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने की पुष्टि
केसला थाना प्रभारी मदन लाल पवार ने बताया कि ग्रामीण महुआ बीनने गया था और वापस नहीं लौटा। वहीं, एसटीआर की फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा ने भी बाघ के हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना एसटीआर के बैकवॉटर क्षेत्र के पास हुई है।