हाईलाइट्स
• 29 मार्च को महिला ने नाराज होकर एसिड पिया
• 10 दिन तक तीन शहरों में चला इलाज
• नागपुर में उपचार के दौरान हुई मौत
• पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
Betul Suicide News : बैतूल। बैतूल जिले के टिकारी क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 30 वर्षीय विवाहिता की एसिड पीने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला ने 29 मार्च को घर में किसी बात से नाराज होकर यह कदम उठाया था।
कई शहरों में चला इलाज, नहीं बच सकी जान
घटना के बाद अंजली की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत बैतूल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे भोपाल रेफर किया गया, लेकिन वहां भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद उसे नागपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब 10 दिन तक इलाज चला, लेकिन आखिरकार उसकी मौत हो गई।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
पुलिस के अनुसार, अंजली की शादी करीब दो साल पहले टिकारी निवासी रमाकांत सोलंकी (56) से हुई थी, जो एक निजी कंपनी में काम करते हैं। यह दोनों की दूसरी शादी थी। रमाकांत की पहली पत्नी से दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है। वहीं अंजली का भी पहले पति से तलाक हो चुका था और उसका एक बेटा है।
मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। चूंकि यह नवविवाहिता से जुड़ा मामला है, इसलिए तहसीलदार द्वारा भी बयान दर्ज कर जांच की गई है। अस्पताल पुलिस चौकी ने मर्ग डायरी तैयार कर कोतवाली पुलिस को सौंप दी है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।