हाइलाइट्स
- पन्नालाल राठौर ने डॉक्टरों को गड़ा खजाना दिखाकर ठगी की
- 7 महीने में MP के कई शहरों में करोड़ों की ठगी
- आरोपी के पास से 1.55 करोड़ नकद, 84 ग्राम सोना और 20 किलो नकली सोना बरामद
- पत्नी और दो बेटों समेत गैंग के अन्य सदस्य भी गिरफ्तार
MP Crime News : मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस ने अंतरराज्यीय ठग पन्नालाल राठौर को गिरफ्तार किया है। 60 वर्षीय इस शातिर आरोपी ने पिछले 7 महीनों में डॉक्टरों को गड़ा खजाना दिखाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी की।
नकली सोना दिखाकर ठगी
पुलिस के अनुसार, पन्नालाल खासतौर पर डॉक्टरों को निशाना बनाता था। वह अपनी पत्नी को मरीज बनाकर डॉक्टरों के पास भेजता और इलाज के दौरान भरोसा जीतकर शुद्ध सोना बताकर नकली गिन्नियां बेच देता था। एक डॉक्टर ने तो सोना खरीदने के लिए बैंक से 60 लाख रुपए तक का होम लोन लिया।
MP के कई शहरों में वारदात
आरोपी लगभग 7 महीने पहले मध्य प्रदेश आया और छिंदवाड़ा, सागर, छतरपुर और जबलपुर के डॉक्टरों को निशाना बनाया। वह गड़े खजाने की कहानी सुनाकर डॉक्टरों को ठगता और आंशिक असली गिन्नियां दिखाकर विश्वास हासिल करता।
असली और नकली सोने का जाल
पुलिस के मुताबिक आरोपी से 1 करोड़ 55 लाख रुपए नकद, 84 ग्राम असली सोना और करीब 20 किलो नकली सोने की गिन्नियां बरामद की गई हैं। इसके अलावा 11 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
गैंग की पृष्ठभूमि
पन्नालाल मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और 30 साल पहले हरियाणा के फरीदाबाद में बस गया था। शुरुआत में पुराने कपड़े बेचता था, फिर हरियाणा की कुख्यात मेवाती गैंग में शामिल हुआ। कुछ साल बाद उसने अपनी पत्नी रानमा देवी और बेटों धर्मेंद्र व वीरेंद्र को ठगी में शामिल कर अपना गिरोह बनाया।
Electricity Update : भोपाल के 35 इलाकों में कल बिजली कटौती, 1 से 6 घंटे तक सप्लाई रहेगी बाधित
क्राइम ब्रांच ने पकड़ा
सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने लगभग 400 किलोमीटर दूर झांसी के एक गांव में दबिश दी। पूछताछ में गैंग के सदस्यों ने कबूल किया कि उन्होंने मध्य प्रदेश और देश के अन्य राज्यों में भी इसी तरह की ठगी की।
एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि आरोपी और उसके गिरोह के अन्य सदस्य गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।