हाईलाइट्स
- प्रदेश में सक्रिय वेदर सिस्टम से आंधी-बारिश और ओलावृष्टि जारी
- भोपाल-इंदौर समेत 30 जिलों में बारिश का अलर्ट
- निमाड़ के धार, बड़वानी और झाबुआ में ओले गिरने की संभावना
- 7 अप्रैल से नया सिस्टम एक्टिव, अप्रैल के अंत तक तेज गर्मी के आसार
Rain Alert MP : भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए राहत और परेशानी दोनों का माहौल बना दिया है। प्रदेश में सक्रिय मजबूत वेदर सिस्टम के कारण आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति 5 अप्रैल तक बनी रह सकती है।
गुरुवार को राजधानी भोपाल, इंदौर सहित करीब 30 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं निमाड़ क्षेत्र के धार, बड़वानी और झाबुआ में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। पिछले 72 घंटों से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश लगातार देखने को मिल रही है।
इन जिलों में रहेगा ज्यादा असर
अगले 24 घंटों में ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, बड़वानी, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, देवास और शाजापुर में मौसम का असर देखने को मिलेगा।
तेज हवाओं का भी खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक छिंदवाड़ा, सिवनी और पांढुर्णा जिलों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। अन्य जिलों में भी 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है, जिससे फसलों और कमजोर संरचनाओं को नुकसान हो सकता है।
बारिश के बीच गर्मी का असर बरकरार
अस्थिर मौसम के बावजूद गर्मी का असर कम नहीं हुआ है। नर्मदापुरम में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रतलाम, मंडला, खजुराहो, रायसेन, दमोह और सागर में पारा 38 से 39 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
बड़े शहरों में जबलपुर 38.4°C, भोपाल 37.4°C, इंदौर 36.5°C, ग्वालियर 36.1°C और उज्जैन 35.6°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
क्यों बदल रहा है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी हिस्से में भी दो मौसम प्रणालियां प्रभावी हैं। 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 10 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अप्रैल के दूसरे सप्ताह से ये सिस्टम कमजोर पड़ने लगेंगे, जिसके बाद तेज गर्मी का दौर शुरू होगा। महीने के अंत तक ग्वालियर, धार, खरगोन और बड़वानी जैसे जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।
Betul news today : बैतूल में मुलताई में राजस्व टीम पर पथराव, उप निरीक्षक को लाइन हाजिर