हाइलाइट्स
- भोपाल जिला कोर्ट में वकील पर हमला
- काउंसलिंग के दौरान पक्षकार ने की मारपीट
- घायल वकील ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
- पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, जांच जारी
Bhopal court lawyer attack : भोपाल। भोपाल के जिला कोर्ट परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पक्षकार ने वकील पर हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसे संभालने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
काउंसलिंग के दौरान हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, एडवोकेट अनंत संजर काउंसलिंग के सिलसिले में कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान पक्षकार के परिजन विद्युत भटनागर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने उन्हें थप्पड़ मारा, कपड़े फाड़ दिए और जज के सामने ही धमकी भी दी।
हमले में घायल, थाने में दर्ज शिकायत
हमले के दौरान अनंत संजर के चेहरे और आंख के पास चोट आई, जिससे खून निकल आया। घटना के तुरंत बाद वे एमपी नगर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद थीं।
पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला
बताया जा रहा है कि यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव चल रहा था और इसी संबंध में कोर्ट में काउंसलिंग होनी थी। हालांकि, काउंसलिंग से पहले ही यह विवाद हिंसक रूप ले गया।
पूर्व सांसद ने दी प्रतिक्रिया
इस मामले में पूर्व सांसद आलोक संजर ने कहा कि वे किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते, लेकिन कानून को अपना काम करना चाहिए। उन्होंने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।
Raisen latest news : रायसेन के दीवानगंज में चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
घटना के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।