हाइलाइट्स
- तीन शहरों के व्यापारियों को जान से मारने की धमकी
- व्हाट्सएप कॉल से करोड़ों की रंगदारी की मांग
- भोपाल और इंदौर के बड़े कारोबारी बने निशाना
- खरगोन में फायरिंग के बाद बढ़ी दहशत
Lawrence Bishnoi gang : भोपाल। मध्य प्रदेश में संगठित अपराध का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है। हाल के दिनों में भोपाल, इंदौर और खरगोन के व्यापारियों को मिली धमकियों ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। आरोप है कि कुख्यात गैंग के नाम पर व्यापारियों से व्हाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज के जरिए करोड़ों रुपए की रंगदारी मांगी जा रही है।
पिछले एक सप्ताह में सामने आए इन मामलों से साफ है कि अब बड़े शहरों के कारोबारी भी ऐसे गिरोहों के निशाने पर हैं। पुलिस ने अलग-अलग थानों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भोपाल में सर्राफा व्यापारी को धमकी
राजधानी के कोलार क्षेत्र में रहने वाले सर्राफा व्यापारी गौरव जैन को अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल कर धमकाया गया। शिकायत के अनुसार, 18 मार्च की रात करीब 10:30 बजे आए कॉल में खुद को गैंग से जुड़ा बताने वाले व्यक्ति ने 10 करोड़ रुपए की मांग की।
आरोपी ने व्यापारी को रकम का इंतजाम करने के लिए समय दिया और मना करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। अगले दिन दोबारा कॉल कर धमकी दोहराई गई। व्यापारी द्वारा इनकार करने पर जान से मारने तक की बात कही गई।
Sehore accident : सीहोर में तेज रफ्तार टीयूवी पलटी, 4-5 छात्र घायल, टायर फटने की आशंका
इंदौर में रियल एस्टेट कारोबारी से 15 करोड़ की मांग
इसी तरह इंदौर के तुकोगंज क्षेत्र में रहने वाले रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को भी निशाना बनाया गया। उनसे कुल 15 करोड़ रुपए की मांग की गई।
शिकायत के मुताबिक, पहले 10 करोड़ रुपए मांगे गए, जिसके बाद दोबारा संपर्क कर 5 करोड़ रुपए और देने को कहा गया। कारोबारी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
खरगोन में फायरिंग की घटना
खरगोन जिले में हाल ही में हुई फायरिंग की घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया है। कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव में किसान कारोबारी दिलीप सिंह राठौड़ के घर के बाहर तीन नकाबपोश बदमाशों ने गोलीबारी की।
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। इस घटना को भी उसी गैंग से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसने हाल में धमकियां दी हैं।
टारगेट पर हाई-प्रोफाइल कारोबारी
जानकारी के अनुसार, ऐसे कारोबारी निशाने पर हैं जो आर्थिक रूप से मजबूत हैं या जिनके राजनीतिक संपर्क बताए जाते हैं। धमकी भरे ऑडियो भी सामने आए हैं, जिनमें अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए डराने की कोशिश की गई है।
MP weather alert update : MP में मौसम का कहर, 42 जिलों में ओले-बारिश, कई जिलों में अलर्ट जारी
बताया जा रहा है कि गैंग से जुड़ा एक शख्स हाल ही में विदेश से बाहर आया है, जिसके बाद गतिविधियां बढ़ने की बात कही जा रही है।
पुलिस की जांच और चुनौतियां
इन मामलों में अंतरराष्ट्रीय नंबरों का इस्तेमाल होने के कारण जांच जटिल हो गई है। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस टीमें मिलकर कॉल डिटेल्स और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, प्रभावित व्यापारियों को सुरक्षा देने के उपाय भी किए जा रहे हैं।
Sehore accident : सीहोर में चलती पिकअप में लगी आग, श्यामपुर ब्रिज पर मचा हड़कंप
व्यापारियों में बढ़ी चिंता
लगातार सामने आ रहे धमकी और फायरिंग जैसे मामलों के बाद व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। खासतौर पर बड़े शहरों में कारोबारी सतर्क हो गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार बढ़ती रंगदारी और धमकी की घटनाएं कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रही हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस इन मामलों में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और आम लोगों का भरोसा कायम रख पाती है।
Betul news : बैतूल में महिला का हंगामा, एसपी ऑफिस की छत पर चढ़कर जहरीला पदार्थ खाया, हालत सामान्य