हाइलाइट्स
-
एमपी में LPG संकट के बीच आंशिक राहत
-
भोपाल में कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई शुरू
-
गैस की कमी से होटल और रेहड़ियां प्रभावित
-
कई जगह घरेलू सिलेंडर के लिए अभी भी परेशानी
LPG Supply Update : भोपाल। मध्य प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर पिछले कई दिनों से बनी स्थिति में अब थोड़ी राहत मिलने लगी है। रविवार को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन सहित कई शहरों में सिलेंडर को लेकर पहले जैसी अफरा-तफरी नहीं रही।
हालांकि कुछ गैस एजेंसियां स्टॉक खत्म होने के कारण बंद रहीं, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।
कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई फिर शुरू
भोपाल के फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार, पिछले करीब छह दिनों से कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बाधित थी। अब भौंरी स्थित डिपो से सिलेंडर लोड होना शुरू हो गए हैं और सोमवार से शहर में कमर्शियल सिलेंडर की नियमित सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि रविवार को कुछ गैस एजेंसियों के बंद होने की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि एजेंसियों के पास स्टॉक खत्म हो गया था। आमतौर पर रविवार को डिपो से सिलेंडर लोड नहीं किए जाते, इसलिए सप्लाई प्रभावित हुई।
Narmadapuram Online Fraud : ‘योनो’ ऐप डाउनलोड कराने के बहाने 3 लाख की ठगी, बिहार से आरोपी गिरफ्तार
एक दिन में 11 हजार घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी
फूड कंट्रोलर के मुताबिक शनिवार को भोपाल जिले में करीब 14 हजार घरेलू सिलेंडर की बुकिंग हुई थी। इनमें से लगभग 11 हजार सिलेंडर की डिलीवरी कर दी गई। जिन एजेंसियों के पास रविवार को स्टॉक था, वहां से भी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराए गए।
होटल और रेस्टोरेंट को मिली राहत
एमपी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी ने बताया कि पिछले 6–7 दिनों से प्रदेश के कई होटल और रेस्टोरेंट को कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहे थे। अब सप्लाई शुरू होने से होटल इंडस्ट्री को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सिलेंडर की कमी के कारण कई होटल संचालकों को इंडक्शन, इलेक्ट्रिक कुकर और अन्य वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल करना पड़ा, जो काफी महंगे साबित हो रहे थे। सिलेंडर मिलने से कारोबार सामान्य होने की उम्मीद है।
सिलेंडर की कमी से रेहड़ियां भी बंद
भोपाल के 6 नंबर मार्केट, शाहपुरा और न्यू मार्केट क्षेत्र में गैस नहीं मिलने के कारण 30 से ज्यादा खाने-पीने की रेहड़ियां बंद हो गई थीं। अब सिलेंडर की सप्लाई शुरू होने से इन छोटे कारोबारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
घरेलू सिलेंडर के लिए अभी भी परेशानी
कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई शुरू होने के बावजूद घरेलू सिलेंडर को लेकर कई जगहों पर परेशानी बनी हुई है। कई उपभोक्ताओं को गैस के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। भोपाल के जहांगीराबाद और बोगदा पुल इलाके में कई लोगों ने देरी से डिलीवरी की शिकायत की है।
कुछ जिलों में प्रशासन ने संभाली स्थिति
ग्वालियर में कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा है कि जिले में गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और अफवाहों को रोकने के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
वहीं उज्जैन में रविवार को अवकाश के बावजूद एक गैस एजेंसी खोलकर घरेलू सिलेंडर की सप्लाई जारी रखी गई।
कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन
उधर सिलेंडर की कमी और बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इटारसी में विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस ने प्रतीकात्मक प्रदर्शन करते हुए नाले में गैस पाइप डालकर चूल्हा जलाकर सरकार पर निशाना साधा।