हाइलाइट्स
-
भोपाल में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन।
-
60 खंडपीठों में मामलों की सुनवाई जारी।
-
12 हजार से अधिक राजीनामा योग्य मामले शामिल।
-
80 हजार से अधिक पूर्व वाद प्रकरण भी रखे गए।
Lok Adalat Bhopal : भोपाल। भोपाल जिला न्यायालय में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायाधीश सुनीत अग्रवाल ने बताया कि प्रकरणों के निराकरण के लिए पूरे जिले में कुल 60 खंडपीठों का गठन किया गया है। वर्तमान में जिला भोपाल के न्यायालयों में विभिन्न प्रकार के कुल 1,62,077 मामले लंबित हैं।
12 हजार से अधिक राजीनामा योग्य मामले
राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित आपराधिक शमनीय प्रकरण, धारा 138 पराक्रम्य लिखत अधिनियम से जुड़े मामले, दावा प्रकरण, विद्युत अधिनियम, वैवाहिक विवाद और अन्य दीवानी मामलों सहित कुल 12,189 राजीनामा योग्य प्रकरण रखे गए हैं।
80 हजार से अधिक पूर्व वाद मामले भी शामिल
इसके अलावा विद्युत अधिनियम, बैंक वसूली, जलकर, भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) विभाग और यातायात ई-चालान से जुड़े 80,127 पूर्व वाद प्रकरण भी राष्ट्रीय लोक अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए गए हैं।
बिजली और नगर निगम मामलों में मिलेगी छूट
राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निराकरण के लिए जिला न्यायालय भोपाल, तहसील न्यायालय बैरसिया, कुटुंब न्यायालय और श्रम न्यायालय सहित विभिन्न स्थानों पर खंडपीठें बनाई गई हैं।
इस दौरान विद्युत विभाग और नगर निगम भी शासन के निर्देशानुसार अपने मामलों में छूट देकर समझौते के माध्यम से निपटारा कर रहे हैं।