ISIS Terrorist Arrested from Rajgarh : राजगढ़, मध्य प्रदेश। राजगढ़ जिले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने छापेमारी की है। जानकारी के मुताबिक, ब्यावरा के शहीद कॉलोनी से ISIS से जुड़े एक खतरनाक आतंकी कामरान कुरैशी को स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। यह आतंकी नेटवर्क देश में बड़े हमलों की साजिश रच रहा था और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेल रहा था। इस ऑपरेशन में पांच संदिग्धों को पकड़ा गया, जिनके पास से IED बनाने की सामग्री और हथियार बरामद हुए हैं।
Vidisha News : जिला अस्पताल में नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश, पीड़िता को ले गया टॉयलेट और…
ब्यावरा सिटी थाने के टीआई वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम 10 सितंबर 2025 को ब्यावरा पहुंची थी। शहीद कॉलोनी में रहने वाले कामरान कुरैशी को आर्म्स एक्ट के एक मामले में हिरासत में लिया गया। कामरान के परिवार की वेल्डिंग की दुकान है, लेकिन उसकी गतिविधियां कहीं अधिक खतरनाक थीं।
दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने इस ऑपरेशन में पांच संदिग्ध आतंकियों को पकड़ा, जिनमें रांची से अशरफ दानिश, मुंबई से आफताब और सूफियान, हैदराबाद और ब्यावरा से एक-एक शामिल हैं। अशरफ दानिश इस मॉड्यूल का सरगना था, जो भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस ने रांची के एक लॉज से देसी पिस्टल, कारतूस, हाइड्रोक्लोरिक और नाइट्रिक एसिड, सल्फर पाउडर, कॉपर शीट, बॉल बेयरिंग, स्ट्रिप वायर, इलेक्ट्रॉनिक सर्किट, लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किए। मुंबई में आफताब और सूफियान के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई, जहां हथियार और IED सामग्री मिली।
ये आतंकी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थे और भारत में युवाओं को भड़काने का काम कर रहे थे। वे सांप्रदायिक नफरत फैलाने और धार्मिक सद्भाव बिगाड़ने के लिए ऑनलाइन ग्रुप चला रहे थे।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह ग्रुप देश में बड़े आतंकी हमले की योजना बना रहा था। अगस्त 2024 में रांची से डॉ. इश्तियाक की गिरफ्तारी के बाद इस मॉड्यूल का खुलासा शुरू हुआ था। अब अशरफ दानिश, जो एक वांटेड अपराधी था, भी पकड़ा गया है। पिछले साल हरियाणा में इस मॉड्यूल के लिए ट्रेनिंग देने वाले 6-7 संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया गया था।